संजय सोनपिपरे संपादक उजाला टुडे कोंडागांव

योग से तन-मन और आत्मा का अद्भुत समन्वय संभव: विधायक टेकाम
‘दवाओं पर निर्भरता कम कर व्यक्ति को भीतर से स्वस्थ बनाता है योग’
कोंडागांव में ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब
कोंडागांव,उजाला टुडे:- 21 जून 2025: – आज कोंडागांव में ग्यारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। नगर के विकास नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए, जहां हजारों की संख्या में लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर विधायक टेकाम ने योग के गहरे महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह आत्मा, मन और शरीर के बीच एक अद्भुत समन्वय स्थापित करता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ रखी गई है, जो वैश्विक कल्याण के प्रति योग के योगदान को दर्शाती है।
विधायक टेकाम ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक और मानसिक समस्याएँ बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में योग एक ऐसी प्राचीन विधा है जो दवाओं पर हमारी निर्भरता को कम करती है और व्यक्ति को भीतर से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने याद दिलाया कि कोविड-19 महामारी के बाद लोगों ने योग और ध्यान की शक्ति को और भी गहराई से समझा है। टेकाम ने जोर देकर कहा कि योग किसी जाति, धर्म या उम्र के बंधन को नहीं मानता; यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी के लिए है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वयं को और समाज को स्वस्थ व सशक्त बनाएँ।
इस गरिमामय अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार, कोंडागांव वन मंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत ठाकुर सहित स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिकगणों ने योगाभ्यास में सक्रिय रूप से भाग लिया।
‘हरित योग’ थीम के तहत पौधों का वितरण
छत्तीसगढ़ शासन की इस वर्ष की ‘हरित योग’ थीम के अनुरूप, कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी योगाभ्यासियों को पौधरोपण के लिए पौधों का वितरण भी किया गया। यह पहल योग के साथ पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी आगे बढ़ाती है।
