संजय सोनपिपरे संपादक उजाला टुडे कोंडागांव

कोंडागांव में ₹5 लाख की अवैध सागौन लकड़ी जब्त, आरोपी फरार
कोंडागांव, 23 जून 2025 — वन विभाग की टीम ने आज कोंडागांव के डीएनके कॉलोनी स्थित प्रेमनगर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹5 लाख रुपये मूल्य की अवैध सागौन चिरान और लट्ठा जब्त किया है। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी, कोंडागांव के निर्देशानुसार की गई।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि प्रेमनगर स्थित कृष्णपद विश्वास के घर पर अवैध रूप से सागौन की लकड़ी का संग्रह किया गया है। सूचना के आधार पर वन विभाग की उड़नदस्ता दल और विशेष टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान, मौके से 17 नग सागौन चिरान (0.153 घन मीटर) और 1 नग सागौन लट्ठा (0.081 घन मीटर) बरामद किया गया। जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹5 लाख आंकी गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह लकड़ी अवैध रूप से संग्रहित की गई थी।
वन विभाग ने तत्काल घटनास्थल पर पीओआर क्रमांक 18487/21 दिनांक 23 जून 2025 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, कार्रवाई के समय आरोपी कृष्णपद विश्वास मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के खिलाफ न्यायालयीन कार्यवाही की प्रक्रिया जारी है और इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
