संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
महात्मा गांधी वार्ड में गूंजी ‘राउत नाचा’ की धुन: गोवर्धन पूजा पर लोकसंस्कृति और भाईचारे का अनूठा संगम, युवा पीढ़ी ने किया अमूल्य धरोहर का संरक्षण
उजाला टुडे कोंडागांव 22 अक्टूबर 2025- कोंडागांवप्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महात्मा गांधी वार्ड की संपूर्ण टीम ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर अपनी पूर्वजों से चली आ रही लोकसंस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर ‘राउत नाचा’ का भव्य आयोजन कर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्सव का माहौल बना दिया।
युवा कलाकारों और वार्ड की टीम द्वारा इस पारंपरिक लोकनृत्य का मनमोहक प्रदर्शन किया गया, जिसने स्थानीय नागरिकों का दिल जीत लिया। नर्तक मंडलियों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर कदमताल करते हुए घर-घर जाकर नृत्य प्रस्तुत किया तथा सहयोग राशि एवं ‘सल्फार’ (आशीर्वाद स्वरूप भेंट) प्राप्त किया।
सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक एकता का उद्देश्य:
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी के बीच लोकनृत्य की गरिमा और सांस्कृतिक पहचान को उजागर करना तथा समाज में एकता, उत्सव और भाईचारे के भाव को सुदृढ़ करना रहा। वार्ड के निवासियों ने भी उत्साहपूर्वक कलाकारों का स्वागत और सम्मान किया, जिससे पूरे वार्ड में श्रद्धा, उत्सव और लोकसंस्कृति का एक सुंदर संगम देखने को मिला।
सफल आयोजन में इनकी रही मुख्य भूमिका:
इस सफल और भव्य आयोजन में हेमंत पटेल जी, रोशन निषाद जी, रितेश कोर्राम जी, नरेंद्र बघेल जी, मिथुन निषाद जी, कृष्ण देवांगन जी, परदेसी कुरी जी, एवं आयोजन की सभी युवा छोटे बच्चों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। उनकी मेहनत ने सुनिश्चित किया कि राउत संस्कृति की यह अमूल्य धरोहर जीवंत और प्रभावी रूप से प्रस्तुत हो सके।
यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि स्थानीय समुदाय अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सहेजने और उसे नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

