संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
मर्दापाल में बुनियादी समस्याओं को लेकर CPI का जोरदार प्रदर्शन, 6 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
मांगें पूरी न होने पर उग्र जन-आंदोलन की दी चेतावनी; वनाधिकार पट्टा, शिक्षकों की पदस्थापना और सड़क निर्माण प्रमुख मुद्दे
उजाला टुडे कोंडागांव 29 अगस्त 2026-कोण्डागांव:तहसील मर्दापाल क्षेत्र के किसानों और आम जनता से जुड़ी बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) ने मर्दापाल में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मर्दापाल तहसीलदार को सौंपा।
यह प्रदर्शन सीपीआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के राज्य सचिव के. साजी एवं संभागीय संयोजक तिलक पाण्डे के निर्देश पर किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला सचिव शैलेश और सह सचिव दिनेश मरकाम ने किया। प्रदर्शन में लक्ष्मण, महावीर, बिसम्बर, सोमारू, दुबेश, मानसिंह, रामचंद, चंदर और फगनू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
ज्ञापन में उठाई गईं 6 प्रमुख मांगें:
- पात्र हितग्राहियों को मिले वनाधिकार पत्र: वर्ष 2005 से पूर्व वन भूमि पर काबिज सभी वर्ग के लोगों को ‘वन अधिकार अधिनियम’ के तहत पट्टा दिया जाए। नक्सल प्रभाव के कारण 2008 से 2025 के बीच छूटे पात्र आवेदकों के लिए विशेष समिति गठित कर प्रपत्र वितरण सुनिश्चित किया जाए।
- स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति: क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था हो—प्राथमिक शालाओं में 5, माध्यमिक में 4 और हाई/हायर सेकेंडरी स्कूलों में सभी विषयों के शिक्षकों की अनिवार्य तैनाती की जाए।
- कड़ेनार आश्रम का मूल स्थान पर संचालन: मर्दापाल व हसलनार में संचालित किए जा रहे कन्या एवं बालिका आश्रम कड़ेनार को इसी शैक्षणिक सत्र से वापस मूल ग्राम कड़ेनार में शुरू किया जाए।
- कोण्डागांव पुलिस से संबद्ध हों गांव: राजस्व जिला कोण्डागांव के अंतर्गत आने वाले जिन गांवों को वर्तमान में नारायणपुर पुलिस थानों से जोड़ा गया है, उन्हें तत्काल कोण्डागांव जिला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में शामिल किया जाए।
- आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण: तहसील क्षेत्र के उन सभी ग्रामों में नए भवनों का निर्माण कराया जाए, जहां वर्तमान में आंगनबाड़ी केंद्र बिना भवन के संचालित हो रहे हैं।
- सड़क निर्माण में तेजी और ठेकेदारों पर कार्रवाई: मर्दापाल-हडेली से कड़ेनार मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा तय समय-सीमा में काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई हो।
सीपीआई नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं दिख रही है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इन जायज मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई, तो व्यापक जन-समर्थन के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

