संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की दो दिवसीय वार्षिक प्रतिनिधि सभा संपन्न: कोंडागांव के पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा
राष्ट्रहित, सामाजिक कल्याण और युवा उत्थान पर हुई गहन चर्चा; मातृशक्ति प्रकोष्ठ का भी हुआ गठन
उजाला टुडे 31 अगस्त 2026-नया रायपुर/कोंडागांव:रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त संगठन ‘अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, छत्तीसगढ़’ की दो दिवसीय वार्षिक प्रतिनिधि सभा (AGM) 29 और 30 अगस्त को नया रायपुर में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व सैनिकों को राष्ट्रहित में संगठित करने, संगठन के कार्यों की समीक्षा करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कोंडागांव जिला इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
प्रथम दिन: संगठनात्मक चर्चा एवं ओपन सत्र
बैठक का शुभारंभ 29 अगस्त को पंडरी (रायपुर) स्थित जागृति मंडल संघ कार्यालय में संगठनात्मक चर्चा एवं ओपन सत्र के साथ हुआ। इसमें राष्ट्रीय प्रतिनिधि, प्रांतीय पदाधिकारी एवं विभिन्न जिलों के अध्यक्ष-सचिवों ने संगठन की मजबूती पर विचार रखे।
द्वितीय दिन: मुख्य कार्यक्रम एवं वार्षिक समीक्षा
30 अगस्त को मुख्य सत्र का आयोजन श्री सत्य साईं हॉस्पिटल सभागार, अटल नगर (नया रायपुर) में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, शहीदों को पुष्पांजलि एवं राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ के गायन से हुई। प्रांतीय अध्यक्ष मेजर प्रवीण सिंह ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया, जबकि प्रांतीय सचिव योगेश साहू ने संगठन का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मंच संचालन प्रदेश महासचिव किशोरी लाल साहू ने किया।
कोंडागांव इकाई की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण
सत्र के दौरान कोंडागांव जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने जिले में संचालित गतिविधियों का ब्योरा रखा। उन्होंने बताया कि कोंडागांव में पूर्व सैनिकों द्वारा युवाओं के लिए निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान, जन जागरूकता, सघन वृक्षारोपण और मतदाता जागरूकता जैसे कई सामाजिक कार्य निरंतर चलाए जा रहे हैं। बैठक में संगठन विस्तार के साथ-साथ विशेष रूप से ‘सैन्य मातृशक्ति प्रकोष्ठ’ का गठन भी किया गया।
प्रमुख पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस प्रतिनिधि सभा में परिषद के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ए.वी.एम. एच.पी. सिंह (वीर चक्र), राष्ट्रीय सचिव एवं मध्य क्षेत्र प्रभारी सार्जेंट रमेश पाण्डेय, संगठन सचिव (उत्तर मध्य क्षेत्र) सुरेन्द्र मिश्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष संतोष साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेंद्र डडसेना तथा सैन्य मातृशक्ति प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक श्रीमती श्यामा साहू उपस्थित रहीं।
कोंडागांव जिले से संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, फरसगांव ब्लॉक सचिव रिकेश कुमार, सदस्य रतिराम सोरी, श्रीकांत तिवारी और ढालेश साहू शामिल हुए। सभा में कोंडागांव, बालोद, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद और सरगुजा सहित विभिन्न जिलों से 100 से अधिक पूर्व सैनिक एवं 40 मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।





