गणेशोत्सव को लेकर किरंदुल पुलिस अलर्ट, जारी किए विशेष दिशा-निर्देश

उजाला टुडे न्यूज 12 सितंबर 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
श्रद्धा और उत्साह के साथ सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए पूजा समितियों से सहयोग की अपील
किरंदुल। विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के स्वागत को लेकर नगर में उत्साह और भक्ति का माहौल बनने लगा है। गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से किरंदुल पुलिस ने पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस की इस सक्रिय पहल से जहां धार्मिक आयोजन को व्यवस्थित रूप देने में मदद मिलेगी, वहीं नगर में कानून-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर बनाए रखने में सहयोग मिलेगा। किरंदुल पुलिस ने गणेश प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूजा समितियों का ध्यान आकर्षित किया है। पंडाल निर्माण के दौरान यातायात एवं आपातकालीन मार्ग बाधित न हो, विद्युत वायरिंग सुरक्षित एवं व्यवस्थित रहे तथा अग्नि एवं अन्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, इसके निर्देश दिए गए हैं।
इसी तरह ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित सीमा एवं समय के अनुरूप उपयोग करने तथा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की व्यवस्था करने की अपील की गई है। पुलिस ने पूजा समितियों से आयोजन के दौरान अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ सहयोग करने का आग्रह किया है।गणेशोत्सव के दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने पूजा समितियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है ताकि धार्मिक आस्था के इस पर्व को भक्ति, संस्कार और सामाजिक भाईचारे की भावना के साथ मनाया जाए।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग, समय एवं विसर्जन स्थल का पालन करने की अपील की गई है। अनियंत्रित आतिशबाजी अथवा किसी भी प्रकार के खतरनाक करतबों से बचने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने समितियों एवं नगरवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। गणेशोत्सव को लेकर किरंदुल पुलिस द्वारा पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए WhatsApp ग्रुप बनाए जाने की पहल भी विशेष रूप से सराहनीय है। इसके माध्यम से समितियां आयोजन से संबंधित आवश्यक जानकारी, समस्या अथवा किसी आकस्मिक स्थिति की सूचना पुलिस तक शीघ्र पहुंचा सकेंगी। इससे पुलिस एवं आयोजन समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ ही समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव होगा।गणेशोत्सव जैसे बड़े धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन से पहले किरंदुल पुलिस द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी करना पुलिस प्रशासन की सजगता, सक्रियता और जिम्मेदार कार्यप्रणाली को दर्शाता है। समय रहते आवश्यक तैयारियों और सावधानियों की जानकारी मिलने से पूजा समितियों को भी अपने आयोजन को अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने में सुविधा होगी।
किरंदुल पुलिस ने सभी गणेश पूजा समितियों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और भगवान श्री गणेश के इस पावन उत्सव को श्रद्धा, उल्लास, अनुशासन, शांति एवं सामाजिक सद्भाव के साथ मनाकर किरंदुल की सौहार्दपूर्ण परंपरा को और मजबूत बनाएं।
