संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
पचमढ़ी नेशनल एडवेंचर कैंप में कोंडागांव के 46 रोवर-रेंजर्स ने दिखाया दम, साहसिक गतिविधियों के साथ पहली बार रेल सफर का लिया रोमांचक अनुभव
- जटाशंकर, बी-फॉल और पांडव गुफा के दीदार से प्रकृति को करीब से जाना; कई बच्चों के लिए यादगार बना जीवन का पहला ट्रेन सफर
उजाला टुडे कोंडागांव 22 अक्टूबर 2025-कोंडागांव: पवन कुमार साहू, जिला मीडिया प्रभारी, भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव से प्राप्त जानकारीनुसार भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य मुख्यालय रायपुर के तत्वावधान में मध्य प्रदेश के सुरम्य हिल स्टेशन पचमढ़ी में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय एडवेंचर कैंप (14 से 18 अक्टूबर 2026) में कोंडागांव जिले के रोवर और रेंजर्स ने उत्कृष्ट सहभागिता दर्ज की। जिला संरक्षक व कलेक्टर तथा जिला आयुक्त व जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस शैक्षणिक व साहसिक दल में जिले से 23 रोवर, 23 रेंजर और 4 प्रभारी शिक्षक शामिल रहे।
शिविर में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव, बलौदाबाजार, सरगुजा व केसीजी (खैरागढ़-छुईखदान-गंडई) के अलावा तमिलनाडु, आगरा और केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) लखनऊ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए स्काउट-गाइड्स और लीडर्स ने भाग लिया। कोंडागांव दल का नेतृत्व प्रभारी धनेश्वर प्रसाद, रोहित कुमार समरथ, संगीता सोरी और शशिकला ठाकुर ने किया। जिला संगठन आयुक्त (गाइड) संजना हरमीट एवं जिला सचिव चमनलाल सोरी की देखरेख में दल ने सभी गतिविधियों को सफलतापूर्वक पूरा किया।
कमांडो नेट और रॉक क्रॉसिंग जैसी गतिविधियों से निखरा आत्मविश्वास
पांच दिनों तक चले इस विशेष कैंप में प्रतिभागियों ने कमांडो नेट, चिमनी क्लाइंबिंग, रॉक क्रॉसिंग, लैडर क्रॉसिंग, टनल क्रॉसिंग, टायर वॉक, बैलेंसिंग ब्रिज और लैडर क्लाइंबिंग जैसी चुनौतीपूर्ण साहसिक विधाओं में हिस्सा लिया। इन गतिविधियों ने बच्चों के भीतर साहस, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का संचार किया।
प्राकृतिक धरोहरों से रूबरू हुए दल के सदस्य
साहसिक प्रशिक्षण के साथ-साथ दल ने पचमढ़ी के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने जटाशंकर गुफा, विहंगम बी-फॉल जलप्रपात और ऐतिहासिक पांडव गुफा का अवलोकन किया। प्रकृति के करीब रहकर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
पहली बार ट्रेन यात्रा: बच्चों के चेहरों पर झलकी अनूठी खुशी
इस भ्रमण की सबसे खास बात यह रही कि बस्तर अंचल के कई बच्चों को पहली बार ट्रेन में सफर करने का अवसर मिला। पटरी पर दौड़ती रेलगाड़ी से बाहर के नजारों को देखना और सहपाठियों के साथ सफर करना उनके लिए जीवन का एक अविस्मरणीय और रोमांचक अनुभव बन गया। शिक्षकों के अनुसार, किताबी ज्ञान से परे इस प्रकार की यात्राओं से बच्चों में आत्मनिर्भरता और सामाजिक मेलजोल की भावना मजबूत होती है।
पचमढ़ी के इस सफल आयोजन से लौटे रोवर-रेंजर्स ने शिविर से मिले अनुशासन और सेवा के संकल्प को अपने दैनिक जीवन में उतारने की बात कही।








