संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
वनभूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ केशकाल वन मंडल का बड़ा एक्शन: चिपरेल-सालेभाट क्षेत्र से अतिक्रमणकारियों पर कानूनी शिकंजा, 34 व्यक्तियों को भेजे गए जेल
उजाला टुडे कोंडागांव 29 अक्टूबर 2026-कोंडागांव:केशकाल वन मंडल के अंतर्गत वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण, पेड़ों की कटाई और पूर्व में बेदखली के बाद भी दोबारा कब्जा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। वन संपदा की सुरक्षा के मद्देनजर विभाग ने सुनियोजित तरीके से वैधानिक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमणकारियों को केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया है।
वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) केशकाल दिव्या गौतम के मार्गदर्शन एवं उप वनमंडलाधिकारी (एसडीओ) सुषमा जे. नेताम के नेतृत्व में यह सख्त कदम उठाया गया। 28 अक्टूबर 2026 को केशकाल परिक्षेत्र अंतर्गत दादरगढ़ उप-परिक्षेत्र के हरवेल परिसर (कक्ष क्रमांक आर.एफ. 1112) में जांच और विधिक प्रक्रिया पूरी की गई।
विभाग के अनुसार, पूर्व में बेदखल किए जाने के बावजूद 24 हेक्टेयर वनभूमि पर पुनः पेड़ों की कटाई कर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। मामले में ग्राम चिपरेल निवासी भरत (पिता रामप्रसाद) समेत 18 व्यक्ति और घसुराम (पिता रामनाथ) समेत 16 व्यक्तियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की गई, जिसके बाद संबंधित व्यक्तियों को न्यायिक अभिरक्षा में जगदलपुर जेल दाखिल कराया गया।
अन्य परिक्षेत्रों में भी बेदखली अभियान जारी
वन मंडल केशकाल द्वारा अन्य संवेदनशील वन क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की निरंतर कार्रवाई की जा रही है:
- बड़ेराजपुर परिक्षेत्र: कक्ष क्रमांक आर.एफ. 1155 (गोविंदपुर) में 42 अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध बेदखली की प्रक्रिया जारी है।
- ग्राम आमाडीही: कक्ष क्रमांक 1314 में 24 अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी कर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई गई है।
- बड़े डोंगर परिक्षेत्र: ग्राम चनियागांव (कक्ष क्रमांक ओ-1406) में वन प्रबंधन समिति के सहयोग से करीब 4 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
- फरसगांव परिक्षेत्र: ग्राम सोडमा (कक्ष क्रमांक 1085) से 24 अतिक्रमकों को वन प्रबंधन समिति की मदद से बेदखल किया गया।
वन अमले और वन प्रबंधन समितियों का संयुक्त प्रयास
ग्राम चिपरेल व आसपास के इलाकों में संचालित इस अभियान में परिक्षेत्र अधिकारी केशकाल कृष्ण कुमार नेताम, वनक्षेत्रपाल दादरगढ़ देवलाल नेताम, वनक्षेत्रपाल मनेश वर्मा, वनक्षेत्रपाल मारी अनिल कोसरिया, वनपाल सामाराम नेताम, वनपाल बुद्धचंद मरकाम और वनरक्षक चंद्रकिशोर नाग की सक्रिय भूमिका रही। साथ ही सालेभाट व चिपरेल वन प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मैदानी स्तर पर महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वनभूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या पेड़ों की कटाई न करें; नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




