सपनों को मिली उड़ान, प्रतिभा को मिला सम्मान: डी.ए.वी. किरंदुल की स्नेहा मेश्राम ने राज्यपाल पुरस्कार हासिल कर रचा गौरवशाली इतिहास

स्काउट-गाइड के क्षेत्र में बेटियों ने बढ़ाया बैलाडीला का मान, स्नेहा को महामहिम राज्यपाल ने किया सम्मानित; अन्य प्रतिभाशाली छात्राओं को भी मिला प्रशस्ति-पत्र
उजाला टुडे न्यूज 30 अक्टूबर 2926
संवाददाता फलेश्वरी ( रितु साहू)
किरंदुल। कहते हैं कि “मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।” इस कहावत को चरितार्थ करते हुए डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, किरंदुल की होनहार छात्रा स्नेहा मेश्राम ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और निरंतर परिश्रम के दम पर एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बैलाडीला क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
राज्य स्तर पर आयोजित गरिमामय समारोह में स्नेहा मेश्राम को स्काउट-गाइड के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं उपलब्धियों के लिए महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका द्वारा प्रतिष्ठित ‘राज्यपाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन और वर्षों के अनुशासित प्रयासों का गौरवपूर्ण प्रतिफल है।
इस गौरवशाली अवसर पर विद्यालय की अन्य प्रतिभाशाली छात्राओं को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं स्काउट-गाइड गतिविधियों में योगदान के लिए राज्यपाल की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में शामिल हैं—
1. दुर्गा यादव – रेंजर 2. हिमांशी यादव – गाइड 3. तानिया परवीन – गाइड
इन सभी छात्राओं की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। जब मेहनत को सही मार्गदर्शन और अवसर का साथ मिलता है, तो सफलता स्वयं सम्मान बनकर सामने आती है।
शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत ने रचा गौरव
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. के. श्रीवास्तव ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश देगी।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. के. श्रीवास्तव, रेंजर लीडर श्रीमती तृप्ति श्रीवास्तव, गाइड कैप्टन सुश्री अनामिका एक्का, स्काउट मास्टर श्री नारायण प्रसाद, कब मास्टर श्री राकेश कुमार, गाइड कैप्टन श्रीमती सुरभी राव, रेंजर लीडर श्रीमती रुक्मणी साहू, रोवर लीडर श्री दिनेश कुमार यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वास्तव में, “एक सफल विद्यार्थी की उपलब्धि के पीछे उसकी मेहनत होती है, लेकिन उस सफलता को शिखर तक पहुंचाने में गुरुजनों का मार्गदर्शन और संस्थान के संस्कारों की अहम भूमिका होती है।”आज इन बेटियों ने अपनी उपलब्धियों से यह संदेश दिया है कि सपने देखने का साहस, उन्हें पूरा करने का संकल्प और निरंतर मेहनत करने का जज्बा हो, तो सफलता की कोई सीमा नहीं होती।
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, किरंदुल की इन होनहार छात्राओं की उपलब्धि निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा की नई मिसाल बनेगी।
बैलाडीला की इन बेटियों को सलाम, जिन्होंने अपनी मेहनत से सम्मान का मुकाम हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
