संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
रावघाट-जगदलपुर रेललाइन: कोंडागांव से निर्माण शुरू करने रेलवे को 3 माह का अल्टीमेटम, मांग पूरी न होने पर बंद और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
बस्तर केवल खनिज दोहन के लिए नहीं, हमें प्रचार की नहीं धरातल पर यात्री ट्रेन चाहिए: सर्व समाज
उजाला टुडे कोंडागांव 10 नवम्बर 2026-कोंडागांव: बस्तर संभाग को जगदलपुर तक यात्री रेल नेटवर्क से जोड़ने की बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर क्षेत्र का जनआक्रोश अब सड़कों पर उतरने को तैयार है। सर्व समाज कोंडागांव के बैनर तले विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए रेलवे प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए तीन माह का अल्टीमेटम दिया गया है कि रावघाट-जगदलपुर परियोजना के तहत कोंडागांव को केंद्र बनाकर दोनों दिशाओं में तुरंत निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए।
नक्शे तक सीमित न रहे कोंडागांव, दोनों छोर से हो काम
सर्व समाज ने मांग रखी कि कोंडागांव को केवल रेल मार्ग के नक्शे तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे निर्माण का मुख्य केंद्र बनाया जाए। कोंडागांव से नारायणपुर और कोंडागांव से जगदलपुर—दोनों दिशाओं में एक साथ ट्रैक निर्माण का कार्य शुरू हो, ताकि परियोजना में तेजी आए और तय समयसीमा के भीतर जगदलपुर तक यात्री ट्रेन पहुंच सके।
प्रतिनिधिमंडल ने याद दिलाया कि 9 मई 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेललाइन की घोषणा की थी, जिसके लिए 2022 का लक्ष्य रखा गया था। लक्ष्य अवधि बीत जाने के बावजूद जगदलपुर तक रेललाइन अधूरी है।
बजट मंजूर तो काम में देरी क्यों?
ज्ञापन में ₹3,513.11 करोड़ की बजट स्वीकृति का हवाला देते हुए रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। सर्व समाज ने पूछा कि जब वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, तो निर्माण में लेटलतीफी क्यों की जा रही है? उन्होंने रेलवे से निविदा प्रक्रिया , कार्य प्रारंभ की तिथि, चरणबद्ध कार्ययोजना और पूर्णता की निश्चित समयसीमा को सार्वजनिक करने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि रावघाट तक मेमू ट्रेन का चलना स्वागतयोग्य है, लेकिन वह मुख्य रूप से लौह अयस्क परिवहन और भिलाई स्टील प्लांट की औद्योगिक जरूरतों के तहत हुआ है। इसे पूरे बस्तर की यात्री रेल सुविधा बताकर प्रचारित करना छलावा है। बस्तरवासियों को रावघाट तक सीमित व्यवस्था नहीं, बल्कि राजधानी और देश के अन्य हिस्सों को जोड़ने वाली नियमित रेल चाहिए।
3 माह की मोहलत, वरना बंद और चुनाव बहिष्कार
सर्व समाज कोंडागांव ने प्रशासन को स्पष्ट चेताया कि यदि तीन महीने के भीतर कोंडागांव से दोनों ओर निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो:
- संपूर्ण कोंडागांव बंद का आह्वान किया जाएगा।
- आगामी चुनावों में मतदान बहिष्कार अभियान चलाया जाएगा।
- बस्तर संभाग स्तर पर व्यापक, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण जनआंदोलन शुरू होगा।
प्रमुख सामाजिक प्रतिनिधि रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान सर्व समाज अध्यक्ष धंसराज टंडन के नेतृत्व में संरक्षक एमडी बघेल, शांतिलाल सुराना, आरके जैन, सचिव शीतल कोर्राम, जिला कोषाध्यक्ष आईसी निषाद, रामेश्वर बघेल, सर्व आदिवासी समाज जिला सचिव एवं सलाहकार आरएस सलाम, बस्तर राजपूत समाज से सचिन नेपाल सिंह ठाकुर, अंजुमन कमेटी अध्यक्ष सैयद सफीक, बस्तर संभाग मुस्लिम समाज उपाध्यक्ष मोहम्मद असलम मंसूरी, श्याम सिंह, भारत जैन, खिरेंद्र यादव, प्रमुख तरुण नाग, चवन वर्मा, पीएल ठावरे, शंकरलाल विश्वकर्मा और रवि बिशोई सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।


