बड़ी खबर: कोंडागांव में बाल दिवस पर पंचायत बैठक को लेकर कांग्रेस का विरोध!
उजाला टुडे कोंडागांव 13 नवम्बर 2025- कोंडागांव: जिले में आगामी 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती ‘बाल दिवस’ के अवसर पर होने वाली एक बैठक को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस पार्टी ने जिला पंचायत सीईओ की अध्यक्षता में 14 नवंबर को रखी गई पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक पर कड़ी आपत्ति जताई है और इसे रद्द करने की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
🚨 क्या है पूरा मामला?
जिला कांग्रेस कमेटी, कोंडागांव के अध्यक्ष बुधराम नेताम द्वारा जारी पत्र क्रमांक DCC/७४२ में कहा गया है कि 14 नवंबर को पूरे देश में पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती को बाल दिवस के रूप में धूम-धाम से मनाया जाता है। चूंकि नेहरू जी को बच्चों से विशेष लगाव था और उन्हें ‘चाचा नेहरू’ के नाम से जाना जाता है, इसलिए इस दिन विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
लेकिन, जिला शिक्षा कार्यालय कोंडागांव द्वारा जारी पत्र के अनुसार, संपूर्ण जिले के पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक जिला पंचायत सीईओ की अध्यक्षता में 14 नवंबर को रखी गई है।
💢 कांग्रेस की आपत्ति
कांग्रेस ने इस कदम को “गलत” बताया है और आरोप लगाया है कि प्रशासन जानबूझकर नेहरू जी की जयंती के दिन आयोजित कार्यक्रम को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। कांग्रेस का कहना है कि यह एक दिन पहले या बाद में भी की जा सकती थी।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय के प्रमुख आचार्य/प्राचार्य की अनुपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन “अवैध तरीके से” हो पाना संभव नहीं है।
📢 कांग्रेस की मांग और चेतावनी
- कांग्रेस पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से निवेदन किया है कि 14 नवंबर बाल दिवस के दिन आयोजित बैठक की तिथि में बदलाव करते हुए नेहरू जयंती को धूम-धाम से मनाने की दिशा में निर्देशित करें।
- कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि बैठक स्थगित नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

