सेवा सेतु बना विद्यार्थियों का सहारा, कमलू अतरा को घर बैठे मिला जरूरी आय प्रमाण पत्र

उजाला टुडे न्यूज 17 सितंबर 2026
संवाददाता फलेश्वरी ( रितु साहू )
दंतेवाड़ा, 17 सितंबर 2026 शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक आसानी से पहुंचाने की दिशा में दंतेवाड़ा जिला प्रशासन की ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत संचालित सेवा सेतु पहल विद्यार्थियों और ग्रामीण परिवारों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। इसी कड़ी में ग्राम मसेनार निवासी कक्षा 10वीं के छात्र कमलू अतरा को सेवा सेतु के माध्यम से आवश्यक आय प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। कमलू अतरा वर्तमान में प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास, भांसी में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहे हैं। छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए आय प्रमाण पत्र आवश्यक दस्तावेज था। सेवा सेतु के माध्यम से यह दस्तावेज तैयार होने से छात्र के लिए छात्रवृत्ति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना आसान हो गया।
कमलू ने बताया कि इस तरह की सुविधा से विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों को जरूरी शासकीय दस्तावेज बनवाने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी कम होती है। सेवा सेतु जैसी पहल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से मददगार साबित हो सकती है।
जिला प्रशासन द्वारा शासकीय योजनाओं की पहुंच को सरल बनाने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के उद्देश्य से इस तरह की सेवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा से जुड़ी योजनाओं और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।
