संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
शहीद भगत सिंह को नमन के बाद कांग्रेस का हल्लाबोल: वोट चोरी के आरोप में CEC का पुतला दहन, इस्तीफे व कानूनी कार्रवाई की मांग
उजाला टुडे कोंडागांव 28 सितंबर 2026- कोंडागांव:प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के अध्यक्ष रवि घोष के नेतृत्व में सोमवार को जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर उन्हें नमन व श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके तुरंत बाद कार्यकर्ताओं ने कथित “वोट चोरी” और चुनावी अनियमितताओं के विरोध में मोर्चा खोल दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड चौक पर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इसके बाद रैली की शक्ल में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति व संबंधित उच्चाधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और उनके खिलाफ निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत की पवित्रता और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता सर्वोपरि है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया में हो रही गड़बड़ियों के गंभीर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी तंत्र का दुरुपयोग कर सत्तारूढ़ भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिससे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की संवैधानिक भावना को ठेस पहुंची है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि इन तमाम चुनावी गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग जैसी स्वायत्त संवैधानिक संस्थाओं की पारदर्शिता बहाल किए बिना लोकतंत्र को सुरक्षित नहीं रखा जा सकता।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला महामंत्री जेपी यादव, शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करन, विजय लांगड़े, प्रवीण अग्निहोत्री, गौतम साहू, राजेश नेताम, देवेंद्र कोर्राम, महिला जिला अध्यक्ष श्रीमती राज मरकाम, पिछड़ा वर्ग जिला अध्यक्ष भगवती पटेल सहित जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

