संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
अनुसूचित क्षेत्र के शिक्षकों को मिले अतिरिक्त अवकाश: छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
10 दिन के अतिरिक्त अर्जित व 7 दिन के आकस्मिक अवकाश की मांग, डीईओ ने दिया शीघ्र आदेश का भरोसा
उजाला टुडे कोंडागांव 29 सितंबर 2026- कोण्डागांव: अनुसूचित क्षेत्र में पदस्थ शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शासन के नियमानुसार अतिरिक्त अवकाश का लाभ दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ऋषिदेव सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और 10 दिवस का अतिरिक्त अर्जित अवकाश तथा 07 दिवस का अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश स्वीकृत करने की मांग की।
शासकीय नियमों का दिया हवाला
सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि म.प्र. शासन वित्त विभाग के आदेश (दिनांक 11 जनवरी 1984) के अनुसार अनुसूचित क्षेत्रों में पदस्थ सभी विभागों व श्रेणी के कर्मचारियों को प्रतिवर्ष 10 दिन का अतिरिक्त अर्जित अवकाश देने का स्पष्ट प्रावधान है। इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग के परिपत्रों (25 जुलाई 1981 एवं 11 जनवरी 1984) के तहत सामान्य आकस्मिक अवकाश के अतिरिक्त 7 दिन का आकस्मिक अवकाश देय है। एसोसिएशन ने कहा कि स्पष्ट दिशा-निर्देश होने के बावजूद कोण्डागांव जिले के कर्मचारियों को इसका नियमित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
अन्य जिलों का उदाहरण, जल्द आदेश की उम्मीद
प्रतिनिधिमंडल ने ध्यान दिलाया कि बस्तर, उत्तर बस्तर कांकेर, बीजापुर, सुकमा, जशपुर, सरगुजा और बालोद जैसे अनुसूचित जिलों में संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा इस संबंध में आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने शिक्षकों की मांग को जायज माना और जल्द ही अधिकृत आदेश जारी करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सहसचिव चंद्रकांत ठाकुर, प्रदेश संगठन मंत्री नीलम श्रीवास्तव, महिला प्रकोष्ठ की जिला संयोजक श्रीमती दंतेश्वरी राव, जिला सचिव संजय राठौर और कोण्डागांव ब्लॉक अध्यक्ष मन्नाराम नेताम मौजूद रहे। इसके अलावा आईटी सेल के अवध किशोर मिश्रा, मनोज फिलीप, राजेन्द्र पाण्डेय, लखीराम बघेल, दीपमाला वैष्णव तथा भानुप्रताप राव सहित बड़ी संख्या में जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी उपस्थित थे।


