संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
आत्मानंद स्कूल दहीकोंगा में मनी गांधी व शास्त्री जयंती: सर्वधर्म प्रार्थना के साथ चला स्वच्छता अभियान, रोपे गए पौधे
उजाला टुडे कोंडागांव 02 अक्टूबर 2026-कोंडागांव दहीकोंगा स्थानीय स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सादगी, श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा, श्रमदान और पौधारोपण जैसे विविध रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वधर्म प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें सर्वपंथ सद्भाव और शांति का संदेश गूंजा। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हाथों में झाड़ू थामकर पूरे परिसर को स्वच्छ किया और समाज को स्वच्छता का संदेश दिया। हरित परिसर की संकल्पना को साकार करते हुए छात्र-छात्राओं व स्टाफ ने मिलकर फलदार और छायादार पौधों का रोपण भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य त्रीनाथ प्रसाद जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। वहीं लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को दैनिक जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस पूरे आयोजन में स्काउट-रोवर प्रभारी दशरथ लाल ध्रुव, एनएसएस प्रभारी कमलेश्वर सिंह कुमेटी और वरिष्ठ व्याख्याता अमलेश बारले का विशेष मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर और एनएसएस के स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



