किरंदुल में गांजे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा वार, घर से निकला 8.4 किलो गांजा

₹4.20 लाख के मादक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में भेजा न्यायालय
उजाला टुडे न्यूज 6 अक्टूबर 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
किरंदुल। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ किरंदुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गांजे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से 8 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4 लाख 20 हजार बताई गई है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 04, बंगाली कैम्प स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास रहने वाला शंकर घोष (42) अपने घर में गांजा छिपाकर बिक्री की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी संजय यादव के निर्देशन में उप निरीक्षक हेम शंकर गुनेन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने विधिवत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बोरी में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। मौके पर तौल करने पर कुल 8 किलो 400 ग्राम गांजा पाया गया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹4,20,000 आंकी गई है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी शंकर घोष, पिता नंद लाल घोष, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, बंगाली कैम्प, राधाकृष्ण मंदिर के पास, किरंदुल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा श्री चंद्रमोहन सिंह (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार खूंटे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी किरंदुल श्री अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई।
नशे के कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर
दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी ।
