संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
मीना बाजार में ‘जलपरी’ के प्रदर्शन पर विवाद: ओबीसी महासभा ने की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
उजाला टुडे 18 अक्टूबर 2026-जगदलपुर:बस्तर दशहरा के दौरान शहर में संचालित मीना बाजार में ‘जलपरी’ के कथित आपत्तिजनक प्रदर्शन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सामाजिक मुद्दों और जनहित के विषयों पर सक्रिय ओबीसी महासभा (बस्तर संभाग) ने इस मामले में प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए निष्पक्ष जांच और नियम उल्लंघन पाए जाने पर आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ओबीसी महासभा के संभाग अध्यक्ष दिनेश यदु ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के दौरान सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों पर सामाजिक मर्यादा और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन होना चाहिए। मीना बाजार में परिवार, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, इसलिए जलपरी के नाम पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर आ रही शिकायतों की पड़ताल कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन स्वस्थ मनोरंजन का विरोधी नहीं है, लेकिन सार्वजनिक स्थलों की गरिमा और जनभावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी प्रदर्शन की जांच आवश्यक है।
वहीं, ओबीसी महासभा के बस्तर जिलाध्यक्ष रघुवंश यादव ने भी मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे कथित वीडियो और शिकायतों का हवाला देते हुए कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में अनुमति की शर्तों और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित पक्षों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई होनी चाहिए।
महासभा ने जिला प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि भविष्य में मेला या मीना बाजार की अनुमति देने से पहले प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की जाए और आयोजनों के दौरान निगरानी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बस्तर की सांस्कृतिक पहचान और सार्वजनिक मर्यादा सुरक्षित रह सके।

