संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
बस्तर दशहरा: राजपरिवार से मिलीं सैन्य मातृशक्ति, माँ दंतेश्वरी के दरबार में टेका मत्था; प्रदेश की खुशहाली की कामना
उजाला टुडे कोंडागांव 23 अक्टूबर 2026 जगदलपुर:विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के पावन अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के तत्वावधान में कांकेर एवं कोंडागांव जिले की सैन्य मातृशक्ति और पूर्व सैनिकों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर राजपरिवार से आत्मीय भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर के राजा कमलचंद्र भंजदेव से मुलाकात कर उन्हें दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राजा साहब को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर पारंपरिक रूप से सम्मानित किया तथा राजपरिवार की परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
राजा कमलचंद्र भंजदेव ने सभी का आत्मीय स्वागत किया और सैन्य मातृशक्ति को सम्मानस्वरूप उपहार भेंट किए। इस सौहार्दपूर्ण संवाद के दौरान बस्तर की गौरवशाली ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
माँ दंतेश्वरी मंदिर में की पूजा-अर्चना
राजपरिवार से मुलाकात के उपरांत दोनों जिलों की सैन्य मातृशक्ति एकजुट होकर जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुँचीं। शक्तिपीठ में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सभी ने छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, अमन-चैन और जनकल्याण की प्रार्थना की। इस पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व मातृशक्ति प्रदेश प्रचारक शिल्पा साहू ने किया। बस्तर दशहरा के अवसर पर हुए इस आयोजन ने सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति निष्ठा, सामाजिक एकजुटता और मातृशक्ति की संगठनात्मक शक्ति का अनुकरणीय संदेश दिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कांकेर की सैन्य मातृशक्ति जिला अध्यक्ष हीम साहू, सह-उपाध्यक्ष खोमिन साहू, सह-सचिव कीर्ति साहू, सदस्य श्रीमती संगीता यादव मौजूद रहीं। वहीं जिला कोंडागांव से सैन्य मातृशक्ति सचिव श्रीमती शकुंतला कुंवर, सह-सचिव आकांक्षा तिवारी, सदस्य ऐनु साहू, कविता ठाकुर, शिल्पा धीवर सहित अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के सदस्य श्रीकांत तिवारी एवं राकेश धीवर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने राजपरिवार द्वारा दिए गए आत्मीय स्वागत और सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बस्तर की धरोहर के संरक्षण और जनसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।


