संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
‘लाल सलाम’ के गगनभेदी नारों से गूंजा माकड़ी: भाकपा ने एरला से निकाली विशाल बाइक रैली, ग्रामीणों को विचारधारा से जोड़ा
उजाला टुडे कोंडागांव 27 अक्टूबर 2026-कोण्डागांव : माकड़ी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) जिला परिषद कोण्डागांव के तत्वावधान में तहसील माकड़ी क्षेत्र में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। हाथ में पार्टी का लाल झंडा और संघर्ष के प्रतीक ‘हंसिया-हथौड़ा व बाली’ का निशान थामे कम्युनिस्ट कार्यकर्ताओं ने पूरे मार्ग पर ‘लाल सलाम’ के गगनभेदी नारे लगाकर क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
साम्यवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
सीपीआई जिला परिषद द्वारा पार्टी की जनपक्षीय एवं साम्यवादी विचारधारा को ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाने के उद्देश्य से पिछले वर्ष से लगातार मोटरसाइकिल रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत राज्य परिषद सदस्य एवं बस्तर संभाग संयोजक कॉमरेड तिलक पाण्डे के मार्गदर्शन में यह रैली आयोजित की गई।
रैली का नेतृत्व जिला सचिव कॉमरेड शैलेष, सहायक सचिव द्वय जयप्रकाश व दिनेश, सोमारू, बिसम्बर, दुबेश, मानसिंग सहित विभिन्न ग्रामों से पहुंचे प्रमुख कार्यकर्ताओं ने किया।
इन गांवों से होकर गुजरी रैली
यह बाइक रैली तहसील माकड़ी के ग्राम एरला से प्रारंभ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं का काफिला तौरेंगा, हिरावण्डी, हिरापुर, कुरलूबहार, इंगरा, धारली, उड़ीदगांव, पीढ़ापाल और कलीबेड़ा होते हुए तहसील मुख्यालय माकड़ी पहुंचा, जहां रैली का विधिवत समापन किया गया।
चौक-चौराहों पर ग्रामीणों का खींचा ध्यान
रैली के दौरान मार्ग में पड़ने वाले सभी गांवों के प्रमुख चौक-चौराहों पर रुककर कार्यकर्ताओं ने लाल झंडे लहराए और जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान वक्ताओं ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि रैली का मुख्य उद्देश्य किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों को उनके हक-अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
पार्टी पदाधिकारियों ने रेखांकित किया कि अन्याय, अत्याचार और पूंजीवादी शोषण के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक लगातार संघर्ष करने वाली एकमात्र पार्टी सीपीआई है। वक्ताओं ने भरोसा दिलाया कि पार्टी आज भी आम जनता के हर सुख-दुख और हक की लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है और केवल साम्यवादी विचारधारा ही समाज के अंतिम व्यक्ति को शोषणमुक्त जीवन दिला सकती है।

