संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
निर्मल कुमार शार्दूल बने कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन कोंडागांव के नए जिला संयोजक, कर्मचारियों में हर्ष की लहर
- विश्राम गृह में प्रांतीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में हुआ निर्विरोध मनोनयन
- पूर्व संयोजक शिवराज सिंह ठाकुर के अस्वस्थ होने के बाद सर्वसम्मति से लिया गया फैसला
- नव-नियुक्त संयोजक बोले— “हर परिस्थिति में कर्मचारी हित रहेगा सर्वोपरि”
उजाला टुडे कोंडागांव 28 अक्टूबर 2026-कोंडागांव:छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला शाखा कोंडागांव को निर्मल कुमार शार्दूल के रूप में नया और ऊर्जावान नेतृत्व मिला है। स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित विशेष बैठक के दौरान पर्यवेक्षकों और विभिन्न घटक संघों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में निर्मल कुमार शार्दूल को सर्वसम्मति से फेडरेशन का नया जिला संयोजक घोषित किया गया। उनके चयन की घोषणा होते ही जिले के कर्मचारियों और अधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में संपन्न हुई चयन प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के निर्देशानुसार निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए दो पर्यवेक्षक—छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ (जगदलपुर) के महामंत्री गजेंद्र श्रीवास्तव तथा पशु चिकित्सा विभाग के प्रांताध्यक्ष कैलाश चौहान कोंडागांव पहुंचे। विश्राम गृह आगमन पर उपस्थित पदाधिकारियों ने दोनों पर्यवेक्षकों का आत्मीय व गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में उप संयोजक निर्मल कुमार शार्दूल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों, जिलाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात पर्यवेक्षक गजेंद्र श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि जिला संयोजक का चयन कार्यकुशलता, सक्रियता और सांगठनिक अनुभव के आधार पर किया जाएगा। वहीं प्रांताध्यक्ष कैलाश चौहान ने कहा कि जब भी प्रदेशव्यापी आंदोलन की बात आती है, कोंडागांव जिला हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता है; इसलिए नेतृत्व ऐसे साथी को मिलना चाहिए जो इस जुझारू परंपरा को आगे बढ़ा सके।
आम सहमति से हुआ फैसला
बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा संयोजक पद के लिए क्रमशः डॉ. सुरेंद्र नाग एवं निर्मल कुमार शार्दूल का नाम प्रस्तावित किया गया। अन्य कोई नाम सामने न आने पर पर्यवेक्षकों ने दोनों प्रत्याशियों से विचार-विमर्श किया। इसके बाद सभी घटक संघों के प्रांतीय, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों की सहमति से तेजतर्रार युवा कर्मचारी नेता निर्मल कुमार शार्दूल के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।
उल्लेखनीय है कि पूर्व जिला संयोजक शिवराज सिंह ठाकुर के स्वास्थ्य कारणों के चलते संगठन को नए संयोजक की आवश्यकता थी, जिसे सर्वसम्मति से पूरा कर लिया गया।
”कर्मचारियों का हित ही मेरी प्राथमिकता”: निर्मल कुमार शार्दूल
संयोजक पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद निर्मल कुमार शार्दूल ने सभी का आभार जताते हुए कहा, “मैं सदैव कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए तन, मन और धन से समर्पित रहूंगा। जिले के सभी संवर्गों के अधिकारी-कर्मचारियों को एकजुट कर साथ लेकर चलना और उनकी समस्याओं का निराकरण कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी।”
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे पदाधिकारी
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जगदलपुर जिला पदाधिकारी अतुल शुक्ला, कोंडागांव जिला सह-संयोजक लोकेश गायकवाड़, तहसीलदार मनोज रावटे, प्रदीप श्रीवास्तव, गिरजा शंकर साहू, सोनसाय निषाद, सतपाल कौशिक, श्यामलाल कोर्राम, हृदय राम मांडवी, पवन कुमार साहू (जिला मीडिया प्रभारी), जितेंद्र सिंह, बलराम नाग, द्रुपद सेठिया, कृष्णा पवार, राजेंद्र नायर, सुभाउ नेताम, चंदन सेठिया, यशवंत देवांगन, नीरज उके, मदन सोनेवरा, रमेश नेताम, डीडी पांडे, वीरेंद्र बघेल, अरुण दिवान, कौशल नेताम, बीएस ठाकुर, रामलाल नेताम, विष्णु मरकाम, आशीष ठावरे, बलराम निषाद, बीपी साहू, योगेश्वर साहू, कन्वलसाय मरकाम, चमन वर्मा, पूजा कुंवर और पुष्पलता कुलदीप सहित विभिन्न कर्मचारी संघों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।


