संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान: कोंडागांव में कांग्रेस की अहम बैठक, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और SIR बंद करने की मांग
उजाला टुडे कोंडागांव 28 अक्टूबर 2026-कोंडागांव:अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (AICC) के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला मुख्यालय कोंडागांव में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से पहुंचे AICC ऑब्जर्वर राजेश धोडीराम राठौर ने कार्यकर्ताओं को अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, लोकतंत्र की रक्षा करने और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग पर तीखा हमला
बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में ऑब्जर्वर राजेश धोडीराम राठौर ने भारतीय चुनाव आयोग की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की। इसके साथ ही, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं व धांधली का आरोप लगाते हुए इस प्रक्रिया को तुरंत प्रभाव से बंद करने की मांग उठाई।
राठौर ने कहा, “लोकतंत्र की मजबूती पूरी तरह से निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शी मतदाता सूची पर टिकी है। प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का पहला कर्तव्य है। कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए इन मुद्दों को सीधे जनता की अदालत में ले जा रही है ताकि संविधान और जनमत की रक्षा की जा सके।”
1 नवंबर को दिल्ली कूच का आह्वान
ऑब्जर्वर राठौर ने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा आयोजित होने वाली विशाल महारैली की रूपरेखा भी साझा की। उन्होंने कोंडागांव जिले के सभी जिला, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों की इस लड़ाई में एकजुट होने का आह्वान किया।
वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। प्रमुख रूप से: पूर्व मंत्री शंकर सोढ़ी,पूर्व विधायक संतराम नेताम,जिला प्रभारी हेमंत ध्रुव,जिला महामंत्री जेपी यादव,प्रदेश सचिव शकूर खान,महिला जिला अध्यक्ष राज मरकाम,पिछड़ा वर्ग महिला जिला अध्यक्ष भगवती पटेल,ब्लॉक अध्यक्षगण: विजय लांगड़े, संजय करन, देवेंद्र कोर्राम, राजेश नेताम, प्रवीण अग्निहोत्री, कमलेश ठाकुर, गौतम साहू,शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन एवं शहर उपाध्यक्ष कमलेश दुबे
बैठक में जिले भर के मंडल व ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया।

