संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
राष्ट्रीय एकता दिवस: गुजरात के एकता नगर में कोंडागांव पुलिस के जांबाज जवानों ने दिखाया शौर्य, पुलिस लाइन में हुआ सीधा प्रसारण
उजाला टुडे कोंडागांव 31 अक्टूबर 2026-कोंडागांव: 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के पावन अवसर पर गुजरात के एकता नगर में भव्य ‘एकता परेड’ का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय समारोह में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की पुलिस टुकड़ी ने हिस्सा लेकर जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
मीडिया से चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह पूरे जिले के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने जानकारी दी कि एकता परेड में बस्तर फाइटर्स, डीआरजी और जिला पुलिस बल के वे जांबाज जवान शामिल हुए हैं, जिन्होंने क्षेत्र में अदम्य साहस का परिचय देते हुए नक्सलियों का डटकर मुकाबला किया और उन्हें पीछे खदेड़ा है। अब यही जवान राष्ट्रीय स्तर पर अपने शौर्य, कौशल और परेड का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
वल्लभ वाटिका में सीधा प्रसारण, बच्चों और युवाओं में दिखा उत्साह
जवानों की इस उपलब्धि और उत्साह को साझा करने के लिए कोंडागांव पुलिस लाइन स्थित ‘वल्लभ वाटिका’ प्रांगण में एकता परेड के सीधे प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बच्चे मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रसारण से न केवल बच्चों का उत्साह और मनोबल बढ़ा है, बल्कि पुलिस बल के प्रति उनके मन में एक सकारात्मक छवि भी स्थापित हुई है।
जिले में वापसी पर होगा जवानों का भव्य सम्मान
पुलिस अधीक्षक ने विश्वास जताया कि जवानों ने परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने घोषणा की कि जब ये जवान एकता नगर से अपने जिले लौटेंगे, तो उनका भव्य स्वागत किया जाएगा तथा उनके साथ खुशियां बांटते हुए उन्हें स्मृति चिह्न व स्मारिकाएं देकर सम्मानित किया जाएगा।



