संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव की बेटी गीता सोरी का शासकीय रेलवे पुलिस में चयन: पूर्व सैनिकों के निशुल्क प्रशिक्षण से मिली सफलता, परिषद ने ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
- विशेष: पूर्व सैनिकों के मार्गदर्शन में तैयार युवाओं की एक और बड़ी उपलब्धि
उजाला टुडे कोंडागांव 11 नवम्बर 2026-कोंडागांव:जिले के वनांचल क्षेत्र की प्रतिभावान बेटी गीता सोरी ने शासकीय रेलवे पुलिस बल (GRP) में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। ब्लॉक बड़ेराजपुर के ग्राम बड़बतर की निवासी गीता ने यह सफलता ‘अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव’ द्वारा संचालित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण के मार्गदर्शन में हासिल की है।
इस गौरवमयी उपलब्धि के उपलक्ष्य में परिषद द्वारा 11 नवंबर 2026 को एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने गीता सोरी को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सफलता का श्रेय पूर्व सैनिकों के निशुल्क प्रशिक्षण को
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए गीता सोरी ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद को दिया। उन्होंने कहा कि कोंडागांव ब्लॉक में पूर्व सैनिकों द्वारा दिए गए कठिन शारीरिक एवं मानसिक प्रशिक्षण के दम पर ही वह भर्ती प्रक्रिया में सफल हो सकीं। गीता ने जिले के सभी पूर्व सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘बस्तर फाइटर’ भर्ती के लिए स्टेडियम में चल रही निशुल्क ट्रेनिंग
इस अवसर पर बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए बताया कि परिषद द्वारा विकास नगर स्टेडियम में ‘बस्तर फाइटर’ भर्ती हेतु प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 8:00 बजे तक निशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक युवक-युवतियों से पंजीयन कराकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
समारोह में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के जिलाध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर सहित कई सदस्य व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

