बिजली बिल में मनमानी का आरोप, मीटर रीडिंग 1300 तो ऑनलाइन भुगतान में 4000 रुपये की मांग!

उपभोक्ता परेशान, आखिर रीडिंग के हिसाब से बिल या फिर अतिरिक्त पेनाल्टी के नाम पर वसूली?
उजाला टुडे न्यूज 12 नवंबर 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)
किरंदुल। बिजली बिल को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी अब बढ़ती नजर आ रही है। मीटर रीडिंग और ऑनलाइन भुगतान में दिखाई देने वाली राशि में भारी अंतर होने से लोग असमंजस में हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली मीटर की रीडिंग के आधार पर बिल करीब 1300 रुपये बताया जा रहा है, जबकि ऑनलाइन भुगतान करने पर लगभग 4000 रुपये की मांग की जा रही है।
इस अंतर को लेकर जब उपभोक्ता संबंधित विभाग के कर्मचारियों से जानकारी मांगते हैं, तो उन्हें सरकार की ओर से पेनाल्टी लगाए जाने की बात कहकर जवाब दिया जाता है। लेकिन सवाल यह है कि यदि बिल में पेनाल्टी या अन्य अतिरिक्त शुल्क जोड़ा गया है, तो उसकी स्पष्ट जानकारी उपभोक्ताओं को क्यों नहीं दी जा रही है?
आखिर मीटर रीडिंग के आधार पर बनने वाली राशि और ऑनलाइन पोर्टल पर प्रदर्शित बिल में इतना अंतर क्यों है? क्या उपभोक्ताओं को अतिरिक्त राशि का पूरा हिसाब जानने का अधिकार नहीं है?
बिजली आम आदमी की बुनियादी जरूरत है। ऐसे में बिल की गणना में पारदर्शिता और सही जानकारी देना विभाग की जिम्मेदारी है। उपभोक्ताओं की मांग है कि बिजली विभाग इस मामले की जांच कर मीटर रीडिंग, पुराने बकाया, पेनाल्टी और अन्य शुल्कों का स्पष्ट ब्यौरा उपलब्ध कराए।
जनता का सवाल है—जब मीटर कुछ और बता रहा है और ऑनलाइन बिल कुछ और मांग रहा है, तो आखिर उपभोक्ता किस पर भरोसा करे?
समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ सकती है।
