संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
फरसगांव पुलिस को मिली बड़ी सफलता: दो मंदिरों की दान पेटी से चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार
उजाला टुडे कोंडागांव 12 नवम्बर 2026 कोंडागांव फरसगांव : फरसगांव पुलिस ने नगर के दो प्रमुख मंदिरों से दान पेटी चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दान पेटी, वारदात में प्रयुक्त औजार, एक मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है।
क्या था पूरा मामला?
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 07 अक्टूबर 2026 की रात करीब 08:00 बजे गायत्री मंदिर का चैनल गेट बंद कर ताला लगाया गया था। अगले दिन, 08 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 04:00 बजे जब पुजारी पूजा करने मंदिर पहुंचे, तो देखा कि बाहर के चैनल गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखी दान पेटी गायब थी। दान पेटी में लगभग 40,000 रुपये होने का अनुमान था।
इसी दौरान पता चला कि फरसगांव स्थित हनुमान मंदिर में भी चोरी हुई है। वहां जाकर देखने पर ज्ञात हुआ कि अज्ञात चोर ने चैनल गेट को सरका कर अंदर प्रवेश किया और दान पेटी का ताला तोड़कर करीब 3,000 रुपये पार कर दिए। दोनों मंदिरों से कुल 43,000 रुपये की चोरी की इस घटना पर प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर थाना फरसगांव में अपराध क्रमांक 131/2026, धारा 305(घ) और 331(4) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर धराया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के सख्त निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही हरेंद्र गुप्ता (पिता दिनेश गुप्ता, उम्र 21 वर्ष, निवासी नहर पारा, कोंडागांव) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में कबूला जुर्म
आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि 07-08 अक्टूबर की दरमियानी रात 1 से 2 बजे के बीच उसने पहले गायत्री शक्तिपीठ मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़ा और दान पेटी उठाकर फरसगांव स्टेडियम ग्राउंड ले गया। वहां उसने पेटी से पैसे निकाले और खाली पेटी को झाड़ियों के पास फेंक दिया। इसके बाद उसने हनुमान मंदिर के चैनल गेट को सरका कर अंदर रखी दान पेटी का ताला तोड़ा और पैसे निकाल लिए। आरोपी ने यह भी कबूला कि वह दोबारा चोरी करने की नीयत से फरसगांव आया था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
जब्ती और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर स्टेडियम ग्राउंड से शक्तिपीठ मंदिर की दान पेटी, वारदात में इस्तेमाल एक लोहे का रॉड और आरी ब्लेड बरामद किया। इसके साथ ही आरोपी के पास से 10,000 रुपये कीमती एक मोबाइल फोन और 500 रुपये नगद जब्त किए गए। पर्याप्त सबूत पाए जाने पर आरोपी हरेंद्र गुप्ता को आज दिनांक 12 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इनकी रही विशेष भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संदीप सिंह, सउनि. भोजराज भास्कर, प्रधान आरक्षक गोविंद सोम, आरक्षक अर्जुन बघेल और मनोज वट्टी की उल्लेखनीय भूमिका रही।

