संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव 9479008457
राज्यपाल रमेन डेका ने कोण्डागांव में विकास कार्यों की समीक्षा की, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर जोर

कोण्डागांव, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मंगलवार को अपने पहले कोण्डागांव प्रवास पर पहुंचे। यहां जिला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। राज्यपाल ने अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं की प्रगति धरातल पर दिखनी चाहिए।
राज्यपाल डेका ने अधिकारियों से नियमित रूप से फील्ड पर जाकर योजनाओं की स्थिति का जायजा लेने और सीधे हितग्राहियों से संवाद स्थापित करने का आग्रह किया। बैठक में उन्होंने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता देने पर बल दिया।
उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनभागीदारी से एक मिशन के रूप में चलाने की अपील करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
