संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

कोंडागांव में 19 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार
उजाला टुडे कोंडागांव, 04 जुलाई 2025: आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोण्डागांव जिले के आबकारी वृत्त कोण्डागांव के अंतर्गत ग्राम एरला, थाना माकड़ी में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. इस अभियान के तहत भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन और उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता बस्तर संभाग आशीष कोसम के मार्गदर्शन में की गई.
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
जिला आबकारी अधिकारी डिगेश कुमार देवांगन ने बताया कि 03 जुलाई 2025 को मुखबिर से अवैध शराब के संबंध में मिली सूचना पर तुरंत कार्रवाई की गई. टीम ने आशीष पांडे, पिता पंचूराम पांडे, जाति कलार, निवासी एरला, थाना माकड़ी को अवैध शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया.
ओडिशा से लाई गई अवैध शराब बरामद
आरोपी के कब्जे से कुल 19.320 बल्क लीटर अन्य प्रांत (ओडिशा) की विदेशी मदिरा स्प्रिट और माल्ट जब्त की गई, जिसका बाजार मूल्य 14,040 रुपये है. छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (2) और 36 के तहत प्रकरण कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
अभियान में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई के दौरान जिला आबकारी अधिकारी डिगेश कुमार देवांगन, आबकारी उपनिरीक्षक मोरजध्वज साहू, सुरेश कुमार, आबकारी मुख्य आरक्षक नंदकिशोर बघेल, अशोक कुमार मंडावी, कैलाश प्रसाद पांडे और वाहन चालक मंजीत और रविंद्र पांडे उपस्थित रहे.
आबकारी विभाग कोंडागांव ने अवैध शराब संबंधी शिकायतें देने के लिए दूरभाष नंबर 077862-42481 जारी किया है. इस नंबर पर 24 घंटे सूचना दी जा सकती है.
