संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
फरसगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब बेचते पकड़ा गया आरोपी, 58 हजार से अधिक की सामग्री जब्त
16 लीटर से ज़्यादा अंग्रेज़ी शराब और बिक्री में इस्तेमाल हो रही मोटर साइकिल ज़ब्त; आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
उजाला टुडे कोण्डागांव 02 अक्टूबर 2025 – कोंडागांव पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार (IPS) के निर्देश पर, थाना फरसगांव पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लीटर 80 एम.एल. अंग्रेज़ी शराब और बिक्री में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत 58,640 रुपये आँकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को ग्राम मोहलई में अवैध शराब बिक्री की लगातार सूचना मिल रही थी। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और एसडीओपी अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिन्दे के नेतृत्व में टीम ने 01 अक्टूबर 2025 को ग्राम मोहलई खासपारा में दबिश दी।
मौके पर, पुलिस ने सवील सोनवंशी (उम्र 25 वर्ष, निवासी मोहलई खासपारा) को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 8,640 रुपये कीमत की विभिन्न ब्रांडों की कुल 16 लीटर 80 एम.एल. अंग्रेज़ी शराब (जिसमें बीयर, व्हीस्की और माल्ट शामिल हैं) बरामद हुई। साथ ही, शराब बिक्री के लिए उपयोग में लाई जा रही बिना नंबर की हीरो एक्सट्रीम मोटर साइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 50,000 रुपये है।
आरोपी सवील सोनवंशी के विरुद्ध थाना फरसगांव में अपराध क्रमांक 124/2023 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सउनि सुरेन्द्र बघेल, पिताम्बर कठार, आरक्षक मनोज वट्टी, सदेश सोरी सहित सायबर टीम की सराहनीय भूमिका रही।


