संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा का जलवा: देशभर के टॉप-5 अधिकारियों में जगह बनाकर हासिल किया ‘हाई अचीवमेंट अवार्ड’
केशकाल घाटी के आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना; आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग में छत्तीसगढ़ और कोंडागांव का नाम किया रोशन।
उजाला टुडे कोंडागांव 27 जुलाई 2026-कोंडागांव:कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (आईपीएस) ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और दूरदर्शी नेतृत्व का लोहा मनवाते हुए एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ पुलिस और कोंडागांव का मान बढ़ाया है। सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रतिष्ठित “हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट” से सम्मानित किया गया है।
देशभर के टॉप-5 पुलिस अधिकारियों में बनाई जगह
6 अप्रैल से 15 मई 2026 तक चले इस उच्चस्तरीय प्रशिक्षण के दौरान देशभर से आए अधिकारियों का मूल्यांकन कक्षा सहभागिता, केस स्टडी, अनुशासन, कार्य-व्यवहार और एमसीक्यू (MCQ) परीक्षा जैसे कड़े मानकों पर किया गया। इन सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एसपी पंकज चंद्रा ने देशभर के शीर्ष पांच पुलिस अधिकारियों में अपना स्थान पक्का किया।
केशकाल घाटी ट्रैफिक मैनेजमेंट के प्रेजेंटेशन की सराहना
प्रशिक्षण के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने कोंडागांव जिले की जीवनरेखा मानी जाने वाली केशकाल घाटी में ट्रैफिक प्रबंधन पर एक विस्तृत और आधुनिक कार्ययोजना प्रस्तुत की। बढ़ते वाहनों के दबाव, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए तैयार किए गए इस दूरदर्शी ट्रैफिक प्लान की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के वरिष्ठ अधिकारियों व विषय-विशेषज्ञों ने जमकर तारीफ की।
जिले में पुलिसिंग को दी नई दिशा
गौरतलब है कि कोंडागांव में पदस्थापना के बाद से ही एसपी पंकज चंद्रा ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, सामुदायिक पुलिसिंग और जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी रणनीतिक सोच और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता ने जिले की पुलिसिंग को एक नया आयाम दिया है।
पुलिस परिवार और जिले में खुशी की लहर
एसपी पंकज चंद्रा की इस उपलब्धि पर कोंडागांव पुलिस परिवार में उत्साह और हर्ष का माहौल है। जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके कुशल मार्गदर्शन में कोंडागांव पुलिस आगे भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।




