संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
सोनाबाल स्कूल के विद्यार्थियों ने किया कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण, सीखीं आधुनिक खेती की बारीकियां
- कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों ने जाना उन्नत कृषि तकनीकों और नवीन पद्धतियों का महत्व
- विशेषज्ञों ने कृषि क्षेत्र में रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों से कराया अवगत
उजाला टुडे कोंडागांव 03 नवम्बर 2026-कोंडागांव:विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोनाबाल के विद्यार्थियों ने कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) का एक दिवसीय शैक्षणिक व औद्योगिक भ्रमण किया। विद्यालय के प्राचार्य यजेंद्र नाथ मांझी के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
भ्रमण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. सुरेश कुमार मरकाम ने विद्यार्थियों को केंद्र की कार्यप्रणाली, आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों के चयन, फसल उत्पादन प्रबंधन, आधुनिक कृषि यंत्रों तथा नवीनतम वैज्ञानिक पद्धतियों की विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को भविष्य में कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में मौजूद रोजगार और स्वरोजगार की असीम संभावनाओं से भी परिचित कराया।
विद्यार्थियों ने केंद्र की विभिन्न तकनीकी इकाइयों का अवलोकन करते हुए कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया और खेती-किसानी से जुड़े अपने सवालों व जिज्ञासाओं का समाधान पाया। छात्र-छात्राओं में इस व्यावहारिक अनुभव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यालय के व्यावसायिक प्रशिक्षक खेम कुमार पाण्डेय एवं मोहनीश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कौशल विकास और व्यावहारिक अनुभव पर जोर
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा के तहत कृषि आधारित गतिविधियों का धरातलीय अनुभव प्रदान करना, उनमें तकनीकी कौशल का विकास करना तथा कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता व उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देना था

