संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
‘हमें हवाई जहाज नहीं, मैदान में विकास चाहिए’: बड़ेडोंगर-धनोरा जर्जर सड़क को लेकर AAP का चक्का जाम, NH-30 पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी
उजाला टुडे कोंडागांव 14 अक्टूबर 2025- कोण्डागांव। बड़ेडोंगर (लाटापारा) चौक से धनोरा तक की अति जर्जर और बदहाल सड़क और पुल-पुलिया की मरम्मत की मांग को लेकर आज आम आदमी पार्टी (AAP) ने कोण्डागांव जिले के बड़ेडोंगर बस स्टैंड चौक पर जोरदार धरना प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम किया। AAP ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ, तो पार्टी NH-30 पर विशाल घेराव और चक्का जाम करेगी।
यह आंदोलन AAP के कोण्डागांव जिला अध्यक्ष सुकूराम नाग के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
सड़क की बदहाली से लोग त्रस्त:
प्रदर्शन के दौरान, AAP नेताओं ने बताया कि बड़ेडोंगर से धनोरा तक की सड़क पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं कि दोपहिया और चार पहिया वाहनों का चलना भी मुश्किल हो गया है। इस रास्ते से गुजरने वाले आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और सबसे ज्यादा गंभीर मरीजों व गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचने में भीषण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
डबल इंजन सरकार पर सीधा हमला:
जिला अध्यक्ष सुकूराम नाग ने छत्तीसगढ़ की वर्तमान भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर जनता की परेशानी को नजरअंदाज करने का सीधा आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “इस सड़क की ओर यहां के लोकसभा सांसद और इस क्षेत्र के विधायक के कानों में जूं तक नहीं रेंगती। छत्तीसगढ़ की डबल इंजन की सरकार जनता की परेशानी को नजरअंदाज कर रही है। हम और आम जनता हवा हवाई जहाज नहीं मांग रहे हैं, हमें मैदान में ठोस विकास चाहिए।”
नाग ने बीजेपी के कामकाज पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें “बीजेपी की ढकोसला रायता और फर्जी जनता को गुमराह करने वाली अनुशंसा लेटर पैड” नहीं चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम जनता को केवल मुख्य धारा से जोड़ने वाली सड़क चाहिए।
NH-30 पर विशाल घेराव की चेतावनी:
बड़ेडोंगर ब्लॉक अध्यक्ष बिरजू राम सलाम ने सरकार और अधिकारियों की लापरवाही पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग रखी:
”आम आदमी पार्टी मांग करती है कि इस क्षेत्र की जर्जर सड़क का मरम्मत कार्य एक सप्ताह के अंदर पूरा किया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है, तो आम आदमी पार्टी जिला इकाई कोण्डागांव के नेतृत्व में NH 30 सड़क पर एक विशाल घेराव, प्रदर्शन और चक्का जाम करके आंदोलन करेगी।”
इस चक्का जाम आंदोलन में पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वर्तमान प्रदेश संयुक्त सचिव जुगल किशोर बोध, जिला संगठन मंत्री सोनसाय नेताम, जिला मीडिया प्रभारी संतोष नाग, जिला सोशल मीडिया अध्यक्ष विजय कुमार प्रधान, किसान विंग जिला अध्यक्ष दानसाय मरकाम, और जिला कोषाध्यक्ष जीतू साहू समेत केशकाल, फरसगांव और बड़ेराजपुर ब्लॉक के अध्यक्ष एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


