संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
केशकाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राजस्थान के अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 11.52 लाख का गांजा और XUV जप्त
उजाला टुडे कोंडागांव 21 अप्रैल 2026-कोंडागांव: केशकाल कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केशकाल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और एक लग्जरी कार बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, दिनांक 20.04.2026 को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ओडिशा से रायपुर की ओर एक मटमैले (ग्रे) रंग की महिंद्रा XUV 500 (क्रमांक RJ 14 UF 2337) में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल, अरूण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में थाना केशकाल के सामने नाकाबंदी (MCP) की गई।
फिल्मी अंदाज में रोका गया वाहन
संदिग्ध कार के आने पर जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो चालकों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पेट्रोलिंग वाहन को रास्ते में अड़ाकर और बेरिकेडिंग कर कार को घेराबंदी कर रोका।
जप्त सामग्री का विवरण
कार की तलाशी लेने पर डिक्की के भीतर छिपाकर रखे गए 53 पैकेट गांजा बरामद हुए।
- कुल गांजा: 115.214 किलोग्राम
- गांजे की कीमत: ₹11,52,140
- वाहन की कीमत: ₹18,00,000 (महिंद्रा XUV 500)
- कुल मशरुका: ₹29,52,140
गिरफ्तार आरोपी
पकड़े गए दोनों आरोपी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के रहने वाले हैं:
- सूरज सिंह राठौड़: निवासी केरिया (भीलवाड़ा), हाल चपड़ासी कॉलोनी।
- पंकज पूरी गोस्वामी: निवासी हरणी कला (भीलवाड़ा), हाल त्रिवेणी मंडी।
कानूनी कार्यवाही
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
विशेष योगदान: > इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी विकास बघेल, उनि कवल सिंह सोरी, उप निरी प्रेमनाथ बघेल, स उ नि रामकृष्ण जैन, प्र.आर. ईश्वर नेताम, अरुण मंडावी, संजय बिसेन एवं आरक्षक विनोद, फलेश्वर सिन्हा, धर्मेंद्र नेगी, मनोहर निषाद, कमलेश कंवर, अमित मण्डावी, सदा नेताम और गोपनीय सैनिक आत्मानंद कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

