संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
समाज एवं राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करें स्काउटर-गाइडर: इंदरजीत सिंह खालसा
उजाला टुडे कोंडागांव 21 अप्रैल 2026-कोंडागांव |पवन कुमार साहू जिला मीडिया प्रभारी, भारत स्काउट एवं गाइड, कोंडागांव ने जानकरी दिया की, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा अपने तीन दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान कोंडागांव पहुँचे। यहाँ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले की गतिविधियों का जायजा लिया और उपस्थित स्काउटर-गाइडर को देशहित में सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
तिलक-आरती के साथ भव्य स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ रेंजर्स द्वारा मुख्य आयुक्त का तिलक लगाकर और आरती उतारकर किया गया। रोवर-रेंजर्स ने जनरल सैल्यूट के साथ उनका स्वागत किया। सभागार में ‘दया कर दान भक्ति का’ प्रार्थना के साथ विधिवत बैठक की शुरुआत हुई। जिला पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि इंदरजीत सिंह खालसा एवं विशिष्ट अतिथि दिनेश चौरड़िया का बुके और स्कार्फ पहनाकर स्वागत किया गया।
19वीं राष्ट्रीय जंबूरी के प्रतिभागियों का सम्मान
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को राज्य मुख्य आयुक्त के हाथों प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। वहीं, जिला संघ कोंडागांव की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में बस्तर की प्रसिद्ध धातु शिल्प (डोकरा आर्ट) भेंट की गई।
विस्तृत समीक्षा और भविष्य की योजनाएं
समीक्षा बैठक के दौरान इंदरजीत सिंह खालसा ने जिले में स्काउटिंग-गाइडिंग की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर जानकारी ली और निर्देश दिए:
- पंजीयन एवं अंशदान: सत्र 2025-26 के लिए अंशदान और फ्लैग स्टीकर राशि की स्थिति।
- विस्तार: महाविद्यालयों में दल संचालन का विस्तार करना।
- आगामी शिविर: राज्य स्तरीय पुरस्कार रैली, चतुर्थ चरण कब, हीरक पंख बुलबुल उत्सव और प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी (दूधली) की तैयारी।
- प्रशिक्षण: बेसिक, एडवांस एवं हिमालय वुड बैच यूनिट लीडर की वर्तमान स्थिति।
राष्ट्र के प्रति समर्पण का आह्वान
संबोधित करते हुए खालसा जी ने कहा, “स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है। स्काउटर और गाइडर समाज निर्माण की रीढ़ हैं। हमें राष्ट्रहित के लिए सदैव समर्पित रहना चाहिए।”
उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ स्काउटर ऋषिदेव सिंह ने किया। बैठक में सहायक जिला शिक्षा अधिकारी सियाराम नेताम, जिला सचिव चमन लाल सोरी, नीलम श्रीवास्तव, श्यामलाल कोर्राम, भीषभ देव, कोमल राम साहू, मुकेश कुमार जैन सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक पदाधिकारी, स्काउटर-गाइडर और रोवर-रेंजर उपस्थित रहे।




