
सनातन संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का संदेश लेकर पावन तीर्थ स्थल दर्शन हेतु रवाना होगा तहसील साहू समाज किरंदुल
उजाला टुडे न्यूज
11 मई 2026
संवाददाता फलेश्वरी ( रितु साहू )
किरंदुल। सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत बनाने की दिशा में तहसील साहू समाज किरंदुल लगातार सराहनीय एवं प्रेरणादायी कार्य कर रहा है। समाज द्वारा समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जाते रहे हैं, जो समाज के लोगों को एक सूत्र में बांधने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को भी सशक्त करते हैं। इसी कड़ी में तहसील साहू समाज किरंदुल द्वारा नेपाल, दार्जिलिंग एवं पोखरा की धार्मिक एवं मनोरंजन यात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसकी क्षेत्रभर में व्यापक प्रशंसा हो रही है।
यह विशेष यात्रा 09 जून 2026 से 21 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं समाज के सदस्यों को देश-विदेश के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में अयोध्या ,काशी, बनारस , विश्वनाथ, अयोध्या रामजन्मभूमि, गोरखपुर, पोखरा (नेपाल), मनोकामना देवी मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर, जनकपुरी, दार्जिलिंग तथा बाबा बैद्यनाथ धाम जैसे पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण शामिल रहेगा। धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत से भी यात्री रूबरू होंगे।
समाज के वरिष्ठजनों का कहना है कि इस प्रकार की यात्राएं केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करती हैं। तहसील साहू समाज किरंदुल की यह पहल समाज के लोगों को धार्मिक आस्था से जोड़ने, नई पीढ़ी को संस्कारों से परिचित कराने तथा समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द बढ़ाने का उत्कृष्ट प्रयास माना जा रहा है।
यात्रा समिति के अनुसार प्रति व्यक्ति यात्रा शुल्क के साथ चाय, नाश्ता, भोजन एवं सामूहिक धर्मशाला में ठहरने की व्यवस्था शामिल रहेगी। यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए अनुशासन और नियमों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही यात्रा के दौरान धूम्रपान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, ताकि सभी यात्रियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण मिल सके।
समिति ने समाज के इच्छुक सदस्यों से 28 मई 2026 तक आवेदन फॉर्म जमा करने की अपील की है। इस धार्मिक एवं मनोरंजन यात्रा को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने तहसील साहू समाज किरंदुल की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
