जनसुरक्षा को मिला नया आधार : नवीन थाना टिकनपाल का शुभारंभ, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था होगी और अधिक मजबूत
उजाला टुडे न्यूज
14 मई 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)

किरंदुल। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में आम जनता की सुरक्षा, सुगम पुलिस पहुंच एवं प्रभावी कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवीन थाना टिकनपाल का विधिवत शुभारंभ किया गया। दिनांक 14 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक गौरव राय द्वारा पूजा-अर्चना, फीता काटकर उद्घाटन एवं रोजनामचा लेखन के साथ थाना के कार्यों की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह एवं विश्वास का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी किरंदुल कमलजीत पाटले, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, थाना प्रभारी किरंदुल संजय यादव, थाना प्रभारी बचेली प्रहलाद कुमार साहू, प्लाटून कमांडर चोलनार मोहित बोहरे सहित अन्य पुलिस अधिकारी, जवान एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने नवीन थाना की स्थापना को क्षेत्र की सुरक्षा एवं विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी अधिसूचना दिनांक 09.01.2024 के परिपालन में थाना किरंदुल क्षेत्र के 08 ग्राम — टिकनपाल, चोलनार, समलवार, मदाड़ी, मड़कामीरास, कुटरेम, कलेपाल एवं कड़मपाल — को नवीन थाना टिकनपाल क्षेत्रांतर्गत शामिल किया गया है। वर्तमान में थाना का संचालन सशस्त्र बल कैंप चोलनार से अस्थायी रूप से किया जाएगा, जब तक कि थाना भवन की स्थायी व्यवस्था पूर्ण नहीं हो जाती।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय द्वारा उप निरीक्षक दीनानाथ वैष्णव को नवीन थाना टिकनपाल का प्रभार सौंपा गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि थाना प्रारंभ होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी, साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास स्थापित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि जनता के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना भी है।
नवीन थाना टिकनपाल के प्रारंभ होने से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई, आपातकालीन सहायता तथा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा थाना की मांग की जा रही थी, जिसके पूर्ण होने पर स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि अब उन्हें छोटी-बड़ी समस्याओं एवं आपात परिस्थितियों में दूरस्थ क्षेत्रों तक नहीं जाना पड़ेगा और समय पर पुलिस सहायता मिल सकेगी।
स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने शासन एवं पुलिस प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि नवीन थाना की स्थापना से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विकास को नई दिशा मिलेगी। यह पहल न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि आम जनता और पुलिस प्रशासन के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को भी मजबूत बनाएगी।
