सेवा की परंपरा, संवेदना का संकल्प — MMWU (INTUC) ने जरूरतमंदों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान, सरदार पटेल के आदर्शों को दिया जीवंत स्वरूप

उजाला टुडे न्यूज
6 जुलाई 2026
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू )
किरंदुल । “महान व्यक्तित्वों को सच्ची श्रद्धांजलि शब्दों से नहीं, बल्कि उनके बताए मार्ग पर चलकर दी जाती है।”इसी विचार को आत्मसात करते हुए मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन ने समाज सेवा की एक प्रेरणादायी मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंद नागरिकों के बीच कंबल एवं छातों का वितरण किया। यह आयोजन केवल राहत सामग्री बांटने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सेवा, संवेदना, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों का एक सशक्त संदेश भी बन गया।
श्रमिकों के अधिकारों की बुलंद आवाज़ बनने के साथ-साथ समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने वाला बैलाडीला का अग्रणी श्रम संगठन मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (MMWU-INTUC) लगातार जनहित के कार्यों के माध्यम से सेवा का नया अध्याय लिख रहा है। इसी कड़ी में सरदार वल्लभभाई पटेल लाइब्रेरी, किरंदुल परिसर में आयोजित विशेष सेवा कार्यक्रम में नगर के वृद्धजनों, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल और छातों का वितरण कर संगठन ने मानवता और सामाजिक समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष श्री विनोद कुमार कश्यप ने की। इस अवसर पर यूनियन के सचिव श्री ए. के. सिंह ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को देश के सामने रखा, वही आज भी समाज के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। उन्होंने कहा कि किसी महान विभूति को याद करने का सर्वोत्तम माध्यम उनके विचारों को व्यवहार में उतारना है। इसी उद्देश्य के साथ MMWU (INTUC) समय-समय पर श्रमिक कल्याण के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे अनेक सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।
नगर के लोगों ने संगठन की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में समाज सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है। ऐसे आयोजन समाज में सहयोग, अपनत्व और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद श्री अनिल मरकाम, एनएमडीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष श्री यादव, यूनियन के पदाधिकारी, सदस्य एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राकेश लाल, टीकमचंद साहू, सौरभ पात्रे, जी. रवि, वेणुधर, देवनारायण, बृजेश मिश्रा, त्रिलोक बाँधे, धर्मेंद्र सोनी, जीवन साहू, योगेश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। अंत में यूनियन के उपाध्यक्ष श्री सैयद ज़ियाउल हसन ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
ज्ञान और संस्कार का केंद्र बनी सरदार पटेल लाइब्रेरी
कार्यक्रम का आयोजन जिस सरदार वल्लभभाई पटेल लाइब्रेरी में हुआ, वह आज केवल पुस्तकालय नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, अध्ययन संस्कृति और सकारात्मक विचारों का सशक्त केंद्र बन चुका है। यहां बच्चों, विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन के लिए प्रेरक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनमें ज्ञान के साथ-साथ नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों का भी विकास हो सके। यह पुस्तकालय प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक नगर के सभी नागरिकों के लिए खुला रहता है और शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
