संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
आर्थिक शोषण के खिलाफ 11 सितंबर को इंद्रावती भवन में गरजेंगे अनियमित कर्मचारी, नियमितीकरण समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन का ऐलान
उजाला टुडे कोंडागांव 01 सितंबर 2026-रायपुर:छत्तीसगढ़ के अनियमित कर्मचारियों ने अपने अधिकारों और आर्थिक शोषण के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। ‘छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन’ द्वारा चलाए जा रहे ‘एक मांग-एक मंच’ अभियान के बैनर तले आगामी 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को इंद्रावती भवन (विभागाध्यक्ष भवन) के गेट नंबर-3 पर एक विशाल सांकेतिक प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह प्रदर्शन भोजनावकाश के दौरान दोपहर 1:00 बजे से होगा।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश भर के सभी अनियमित साथियों और अनियमित संगठनों के प्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में इंद्रावती भवन पहुंचकर इस आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
फेडरेशन की 5 प्रमुख मांगें:
- महंगाई भत्ता व एरियर का भुगतान: जनवरी 2026 की स्थिति से कर्मचारियों एवं पेंशनरों को महंगाई भत्ता जारी करने के साथ ही 86 महीने के लंबित एरियर का एकमुश्त भुगतान किया जाए।
- नियमितीकरण एवं आउटसोर्सिंग का खात्मा: समस्त अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण हो, निकाले गए कर्मचारियों की तत्काल बहाली की जाए, न्यून मानदेय कर्मियों को उचित न्यूनतम वेतन मिले, अंशकालीन कर्मियों को पूर्णकालीन किया जाए और ठेका/आउटसोर्सिंग भर्ती प्रथा को पूरी तरह बंद किया जाए।
- पुरानी पेंशन योजना (OPS): प्रदेश के समस्त नगरीय निकाय कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए।
- स्वास्थ्य विभाग में ठेका प्रथा पर रोक: स्वास्थ्य विभाग में लैब और फार्मेसी सहित अन्य पदों पर जारी ठेका पद्धति को समाप्त किया जाए।
- ₹20 लाख तक कैशलेस उपचार: नियमित-अनियमित कर्मचारियों व पेंशनरों के लिए मध्य प्रदेश सरकार की तर्ज पर 20 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू की जाए।
नेतृत्व और संगठन का आह्वान:
इस प्रदर्शन की अगुवाई फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद साहू, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रेमप्रकाश गजेंद्र, प्रदेश उपाध्यक्ष युगल साहू, प्रदेश सचिव अरुण वैष्णव, सह सचिव आशीष तनेजा और संयुक्त सचिव खोमेश साहू सहित अन्य पदाधिकारी कर रहे हैं।
इसके साथ ही स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ, छ.ग. वि.वि. दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ, बिहान संयुक्त कैडर एवं कर्मचारी कल्याण संघ, विद्युत मीटर रीडर श्रमिक संघ और पोटाकेबिन भृत्य कर्मचारी कल्याण संघ जैसे कई प्रमुख घटक दलों ने भी इस प्रदर्शन को अपना पूर्ण समर्थन दिया है।

