संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
टाटामारी पर्यटन स्थल पर शराब पीने से मना करने पर फॉरेस्ट चौकीदार पर जानलेवा हमला: केशकाल पुलिस ने 2 नाबालिगों समेत 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
उजाला टुडे कोंडागांव 01 सितंबर 2026-केशकाल (कोण्डागांव):प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टाटामारी में शराब पीने से मना करने पर फॉरेस्ट चौकीदार के साथ गाली-गलौज कर जानलेवा हमला करने वाले 8 आरोपियों को केशकाल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में 2 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शराब पीने से रोकने पर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सिदार्थ यादव (निवासी सुरडोंगर) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि चारामा (जिला कांकेर) से आए कुछ युवक टाटामारी पर्यटन स्थल में शराब का सेवन कर रहे थे। जब उन्हें सार्वजनिक स्थल पर नशा करने से रोका गया, तो वे आक्रोशित हो गए। सभी युवकों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के, लात एवं कड़े से मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान आरोपियों ने राजेश यादव पर किसी भारी वस्तु से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। हमले में पीड़ित के चेहरे और बाएं हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- लक्की ठाकुर (19 वर्ष), पिता टीकमराम ठाकुर
- करन जुर्री (18 वर्ष), पिता विजय जुर्री
- युगल कांगे (19 वर्ष), पिता ज्ञानसिंह कांगे
- योगेन्द्र कुमार मण्डावी (19 वर्ष), पिता लखन मण्डावी
- शिवम सोनकर (20 वर्ष), पिता परमेश्वर सोनकर
- गौतम गेन्डामे (21 वर्ष), पिता देवनाथ गेन्डामे
- 02 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) (सभी आरोपी निवासी चारामा, थाना चारामा, जिला कांकेर, छ.ग.)
बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना केशकाल में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 135/2026, धारा 109, 191(2), 296, 115(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 8 अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
उक्त त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक हेमन्त देवांगन, सउनि रामकृष्ण जैन, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, प्रधान आरक्षक राकेश कुमार जुर्री, आरक्षक फलेश्वर सिन्हा, गिरजू राम मरकाम, अजय सलाम, प्रेमराज नेताम, नीलमणी चेरकिया, चन्द्रपाल यादव एवं सुरेन्द्र कुमार यादव की सराहनीय भूमिका रही।

