एनएमडीसी के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमके सावन बरवाल एशियन गेम्स मैराथन में जीता ऐतिहासिक रजत पदक, 1982 के बाद पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने
उजाला टुडे न्यूज
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू)

किरंदुल। देश की नवरत्न खनन कंपनी एनएमडीसी के सहयोग से भारतीय एथलीट श्री सावन बरवाल ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का गौरव बढ़ाते हुए एशियन गेम्स मैराथन में ऐतिहासिक रजत पदक अपने नाम किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से भारतीय एथलेटिक्स जगत में खुशी की लहर है।
हिमाचल प्रदेश के 28 वर्षीय सेना के एथलीट सावन बरवाल ने मैराथन में 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का उत्कृष्ट समय दर्ज करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ वह वर्ष 1982 के बाद एशियन गेम्स मैराथन में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इससे पहले 1982 में नई दिल्ली में आयोजित एशियन गेम्स में श्री होसुर कुक्कप्पा सीतारन ने मैराथन में कांस्य पदक जीता था।
सावन बरवाल की यह ऐतिहासिक सफलता एनएमडीसी की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है। एनएमडीसी का मानना है कि प्रतिभाशाली युवाओं को समय पर अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराकर उन्हें वैश्विक मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा सकता है।एनएमडीसी लंबे समय से देश में खेलों के विकास और उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कंपनी द्वारा कबड्डी, बॉक्सिंग, क्रिकेट और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को व्यक्तिगत प्रायोजन एवं सहयोग प्रदान किया जाता रहा है। इसके साथ ही एनएमडीसी कई वर्षों से हैदराबाद मैराथन का टाइटल स्पॉन्सर भी रहा है।
प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ विजन के अनुरूप एनएमडीसी युवाओं में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, गेमिफाइड वॉकाथॉन तथा योग कार्यक्रमों का आयोजन एवं समर्थन करता है।हाल ही में आयोजित एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन में कंपनी ने बस्तर क्षेत्र के 170 एथलीटों को प्रायोजित किया। इनमें बस्तर के श्री फुलधर नेताम ने ओपन कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी शानदार प्रतिभा का परिचय दिया।एनएमडीसी की यह पहल देश की खेल प्रतिभाओं को पहचान देने, उन्हें प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को बड़े मंच तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर जारी प्रयासों को दर्शाती है। सावन बरवाल का ऐतिहासिक रजत पदक इसी प्रतिबद्धता की एक गौरवपूर्ण मिसाल बनकर सामने आया है।
