संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
दहीकोंगा में दिखा छत्तीसगढ़ी कला और बस्तर संस्कृति का अनूठा संगम: जस गीत और झांकियों पर देर रात तक झूमे दर्शक, नशामुक्ति की ली शपथ
- ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के कलाकारों ने बिखेरे लोकरंग, लोकगायक सिद्धार्थ महाजन की प्रस्तुति ने मोहा मन
- सांस्कृतिक संध्या के साथ सामाजिक सरोकार: ग्रामीणों को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
उजाला टुडे कोंडागांव 03 अक्टूबर 2026-कोंडागांव: ग्राम दहीकोंगा में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और बस्तर की अनूठी संस्कृति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय जस गीत, पारंपरिक लोकगीत और मनमोहक झांकियों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ देवी वंदना और भक्तिमय जस गीतों के साथ हुआ, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रस से सराबोर कर दिया। इसके बाद मंच पर बस्तर की पारंपरिक कला और लोकजीवन पर आधारित जीवंत झांकियों की शानदार प्रस्तुति दी गई। लोकगायक सिद्धार्थ महाजन एवं उनकी टीम ने अपनी सुरीली आवाज और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित जनसमुदाय मंत्रमुग्ध हो गया।
लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी और बस्तरिया गीतों की धुन पर श्रोता खुद को रोक नहीं पाए और देर रात तक झूमते नजर आए। कार्यक्रम में बस्तर की विलुप्त होती पारंपरिक लोक कलाओं का सजीव प्रदर्शन किया गया, जिसे देख आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों और अतिथियों ने कलाकारों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कला के साथ सामाजिक संदेश
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ आयोजन में सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिली। लोकगायक सिद्धार्थ महाजन एवं उनकी संस्था द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय को नशा छोड़ने और स्वस्थ समाज निर्माण में भागीदारी निभाने का संकल्प भी दिलाया गया। देर रात तक चले इस गरिमामय आयोजन का ग्रामीणों ने भरपूर आनंद लिया।

