उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिले जिला साहू संघ के पदाधिकारी, सामुदायिक भवन की मांग पर मिला सकारात्मक आश्वासन

उजाला टुडे न्यूज 7 अक्टूबर
संवाददाता फलेश्वरी (रितु साहू )
दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में साहू समाज के सामाजिक विकास और सामुदायिक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला साहू संघ के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले में साहू समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण सहित समाजहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल में जिला साहू संघ अध्यक्ष श्री नेहरू राम साहू, न्याय प्रकोष्ठ जिला संयोजक श्री चंद्रिका प्रसाद साहू एवं श्री विनोद साहू, गीदम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री श्री साव को अवगत कराया कि दंतेवाड़ा जिले में बड़ी संख्या में साहू समाज के परिवार निवासरत हैं। सामाजिक बैठक, वैवाहिक कार्यक्रम, प्रतिभा सम्मान, सामाजिक सम्मेलन एवं अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए उपयुक्त भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। जिला मुख्यालय में सामुदायिक भवन बनने से समाज की गतिविधियों को बेहतर मंच मिलने के साथ सामाजिक एकजुटता भी और मजबूत होगी। इस दौरान दंतेवाड़ा जिला साहू संघ द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 90 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने समाज की आवश्यकताओं और प्रस्तावित भवन के महत्व से उपमुख्यमंत्री को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने समाज के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और सामाजिक विकास एवं सामुदायिक भवन निर्माण के संबंध में सकारात्मक सहयोग एवं आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से दंतेवाड़ा में साहू समाज के लिए सामुदायिक भवन का सपना जल्द साकार होने की उम्मीद है। इससे समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को नई ऊंचाई मिलेगी।
