संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
मर्दापाल में अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग का शिकंजा: तीन गाड़ियां जब्त, पुरानी विवादित गाड़ी फिर पकड़ी गई
उजाला टुडे कोंडागांव 07 अक्टूबर 2026-कोण्डागांव: मर्दापाल वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन कर रहे तीन वाहनों को जब्त किया है। पकड़े गए वाहनों में सीजी 27 आर 3479, सीजी 04 ओ आर 8868 और सीजी 27 एस 6934 शामिल हैं। कार्रवाई के उपरांत तीनों गाड़ियों को अग्रिम प्रक्रिया के लिए निस्तार डिपो में खड़ा कराया गया है।
रायपुर समेत अन्य राज्यों में खपाने का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि इलाके के जंगलों में पेड़ों की अंधाधुंध अवैध कटाई कर लकड़ी की तस्करी की जा रही है। इन लकड़ियों को रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और बाहरी राज्यों में ऊंचे दामों पर खपाने का खेल लंबे समय से चल रहा है।

वन विभाग अब जब्त वाहनों, लकड़ी के स्रोत और परिवहन से जुड़े वैध ट्रांजिट पास (टीपी) व अनुमतियों की बारीकी से जांच कर रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यदि दस्तावेजों में अनियमितता या वन अधिनियम का उल्लंघन पाया गया, तो सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी। वहीं वाहनों को राजसात करने की भी चर्चा है, हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा।
पुराने विवादों से घिरी गाड़ी फिर रडार पर
इस पूरी कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला पहलू वाहन क्रमांक सीजी 27 आर 3479 का दोबारा पकड़ा जाना है। इससे पहले 18 मई 2026 की रात भी इसी गाड़ी में लकड़ी लोड पकड़ी गई थी। तब वन कर्मियों ने वैध दस्तावेज पेश करने तक वाहन रोकने को कहा था, लेकिन वाहन मालिक व चालक बिना कागजात दिखाए गाड़ी भगा ले गया था।
उस घटना के बाद 22 मई 2026 को ज्योति तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उक्त वाहन को अपने भाई का बताया था और मामले को उजागर करने वाले चार पत्रकारों पर दुर्भावनापूर्ण तरीके से उगाही का झूठा आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पत्रकारों की शिकायत पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
झूठे आरोपों के खिलाफ संबंधित पत्रकारों ने भी थाने में साक्ष्यों के साथ काउंटर एफआईआर दर्ज कराने के लिए लिखित शिकायत दी थी। पत्रकारों का आरोप है कि वे अपने पक्ष में पुख्ता सबूत लेकर कई बार थाने पहुंचे, लेकिन आज तक पुलिस प्रशासन ने न तो उनका बयान दर्ज किया और न ही कोई ठोस कदम उठाया। अब उसी वाहन के दोबारा लकड़ी परिवहन में पकड़े जाने से लकड़ी तस्करों के नेटवर्क और स्थानीय पुलिस प्रशासन की ढुलमुल कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।




