संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

शासकीय योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कारगर ‘धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष योजना’: वन मंत्री केदार कश्यप
उजाला टुडे कोंडागांव, 27 जून 2025/ जनजातीय परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत जिले के सभी विकासखंडों में क्लस्टर स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कोंडागांव विकासखंड के ग्राम गोलावंड में एक शिविर आयोजित किया गया, जिसमें वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस शिविर में गोलावंड, कारसिंग, कुसमा, कचोरा, इसलनार, चमई, हंगवा, तोतर, बोरगांव, झारा, पोलंग, खंडाम, खचगांव, बालासार, मड़ानार और नगरी गांव के ग्रामीणजनों ने अपनी समस्याएं रखीं।
‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ’
शिविर को संबोधित करते हुए वन मंत्री कश्यप ने कहा कि जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर शुरू किया गया ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनजातीय गांवों में अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल को जनजातीय समाज के कल्याण और गांव की प्रगति की दिशा में एक अहम कदम बताया।
कश्यप ने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति वंचित न रह पाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर के माध्यम से सभी के आयुष्मान कार्ड और बुजुर्गों के वय वंदना कार्ड बनाए जाएं, साथ ही सभी किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने जिले के शिल्पकारों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जोड़ने की बात भी कही। कार्यक्रम को पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने भी संबोधित किया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और 5 जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को धान बीज और सहकारिता विभाग द्वारा 6 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का वितरण किया गया। इसी प्रकार, शिक्षा विभाग ने 6 विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र दिए, जबकि वन विभाग द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 300 ग्रामीणों को पौधे वितरित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में वन मंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप व रामदई नाग, जनपद पंचायत की अध्यक्ष अनिता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेन्द्र सिंह ठाकुर, दीपेश अरोरा सहित जनपद सदस्यगण एवं सरपंचगण उपस्थित थे।
