संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

नालसा के ‘जागृति’, ‘डान’, ‘संवाद’, ‘आवाज उठाओ’ अभियानों पर कोण्डागांव में एक दिवसीय प्रशिक्षण
कोण्डागांव, 28 जून 2025 – राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा संचालित योजनाओं के तहत, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) कोण्डागांव की अध्यक्ष किरण चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में एक दिवसीय कार्यशाला और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला परिवार न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता केंद्र में हुआ, जिसमें नालसा द्वारा संचालित जिला इकाइयों ‘जागृति’, ‘डान’, ‘संवाद’ और ‘आवाज उठाओ’ के लिए गठित समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
इस कार्यशाला में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोण्डागांव विक्रम प्रताप चंद्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोण्डागांव रेशमा बैरागी पटेल, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोण्डागांव शिवप्रकाश त्रिपाठी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव की सचिव गायत्री साय उपस्थित रहे। उन्होंने नालसा द्वारा संचालित अभियान की जिला इकाई समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना, उनके क्रियान्वयन में समिति सदस्यों की भूमिका को स्पष्ट करना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए उन्हें सक्षम बनाना था। साथ ही, नालसा द्वारा संचालित ‘जागृति’, ‘डान’, ‘संवाद’ और ‘आवाज उठाओ’ अभियानों का ग्रामीण और आंतरिक स्तरों पर प्रचार-प्रसार कर लोगों की सहायता करना भी इसका लक्ष्य था।
प्रशिक्षण के दौरान सचिव गायत्री साय ने बताया कि:
* ‘जागृति’ इकाई का मुख्य कार्य जमीनी स्तर पर निःशुल्क विधिक सहायता का प्रचार-प्रसार करना और कमजोर आदिवासियों तथा विमुक्त घुमंतू जनजातियों के लिए न्याय तक पहुंच को मजबूत करना है। इसका प्रचार-प्रसार बैनर, पोस्टर, लाउडस्पीकर, ग्राम सभाओं और स्कूलों जैसे माध्यमों से किया जाएगा।
* ‘डान’ का मुख्य कार्य नशीली दवाओं के दुष्परिणामों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और समाज को नशा मुक्त करने के संबंध में जानकारी देना है।
* ‘संवाद’ इकाई का मुख्य कार्य जनजाति समुदाय के क्षेत्रों में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई हेतु शिक्षा विभाग से मिलने वाली सुविधाओं और सामाजिक योजनाओं के संबंध में अधिक-अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना है।
* ‘आवाज उठाओ’ इकाई का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए कानूनी जागरूकता फैलाना है।
गठित समिति के सदस्यों को इन सभी योजनाओं का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने और सहायता प्रदान करने के लिए निर्देशित किया गया।
इस प्रशिक्षण और कार्यशाला में नगर पालिका परिषद कोण्डागांव, पुलिस विभाग, जिला पंचायत विभाग, जिला बाल संरक्षण विभाग, महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेंद्र भट्ट, हेल्थ डिपार्टमेंट से सुनीता सरकार और अन्य विभागों के अधिकारी/कर्मचारी सहित पैनल अधिवक्ता और पैरालीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे।
