संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

समय-सीमा में कार्य पूरे न होने पर ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर
उजाला टुडे कोण्डागांव, 12 जुलाई 2025 – कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में पुल-पुलिया और सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने उपस्थित ठेकेदारों से निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं की जानकारी ली और स्पष्ट शब्दों में कहा कि, यदि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे नहीं किए गए तो संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इन विकास कार्यों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का पालन करना अनिवार्य है।
बैठक के दौरान, कई ठेकेदारों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने असंतोष जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ऐसे ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारीगण और संबंधित ठेकेदार उपस्थित थे।
