संपादक, संजय सोनपिपरे उजाला टुडे कोंडागांव
कोंडागांव के मास्टर ट्रेनर देंगे माहवारी स्वच्छता का संदेश, रायपुर में संपन्न हुआ राज्य स्तरीय प्रशिक्षण
उजाला टुडे कोंडागांव 13 मई 2026 कोंडागांव/रायपुर: पवन कुमार साहू जिला मीडिया प्रभारी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, कोंडागांव के प्राप्त जानकारी कमासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को मिटाने और किशोरियों को सशक्त बनाने के लिए यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने एक नई पहल शुरू की है। राजधानी रायपुर में आयोजित दो दिवसीय “तारुण्य वार्ता: हैशटैग पीरियड्स पर खुलकर “ राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोंडागांव जिले का प्रतिनिधित्व जिला संगठन आयुक्त भीषभ देव साहू और श्वेता वर्मा ने किया।
यह अभियान विशेष रूप से माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (MHM) और सामाजिक जागरूकता पर केंद्रित है, जिसका उद्देश्य समाज में इस विषय पर व्याप्त चुप्पी को तोड़कर स्वस्थ संवाद स्थापित करना है।
चुप नहीं, अब खुलकर होगी बात: डॉ. वर्णिका शर्मा
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा:
”मासिक धर्म पर अब चुप्पी नहीं, बल्कि व्यापक जागरूकता और संवाद की आवश्यकता है। हर बेटी को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहवारी प्रबंधन का अधिकार है। यह अभियान समाज की सोच बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बताया कि इस मुहिम को छत्तीसगढ़ के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 28 मई को मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में इस अभियान का भव्य समापन होगा।
मिथकों को तोड़ना और लड़कों को जागरूक करना लक्ष्य
यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की प्रमुख सीमा कुमार ने इस अभियान को बालिकाओं के सशक्तिकरण से जोड़ते हुए कहा कि यह केवल लड़कियों तक सीमित नहीं रहेगा। लड़कों को भी इस विषय के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाया जाएगा ताकि उनकी झिझक दूर हो सके। वहीं, यूनिसेफ के व्यवहार परिवर्तन विशेषज्ञ अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से किशोरों में स्वास्थ्य व्यवहार में सुधार आएगा और भ्रांतियों में कमी आएगी।
प्रशिक्षण के मुख्य बिंदु:
- भागीदारी: प्रदेश के सभी जिलों से तीन-तीन मास्टर ट्रेनर्स ने हिस्सा लिया।
- उद्देश्य: स्कूलों में PTM (अभिभावक बैठक) के माध्यम से माता-पिता तक संदेश पहुंचाना।
- प्रशिक्षक: यूनिसेफ के विशेषज्ञ अभिषेक त्रिपाठी, बिरजा कबी सतपथी और आशीष कुमार ने सत्रों का संचालन किया।
कोंडागांव में दिखेगा असर
प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे भीषभ देव साहू और श्वेता वर्मा अब कोंडागांव जिले में अन्य लीडर्स और स्काउट्स-गाइड्स को प्रशिक्षित करेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान यूनिसेफ की चेतना देसाई, श्वेता पटनायक, जी स्वामी और रेड क्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष रूपेश पाणिग्रही सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन पूनम सिंह साहू ने किया और आभार प्रदर्शन बीना यादव द्वारा किया गया।

