संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव

रक्षाबंधन से पहले कोण्डागांव में खाद्य सुरक्षा अभियान तेज, बाहरी दुग्ध उत्पादों पर विशेष नजर
उजाला टुडे कोण्डागांव, 22 जुलाई 2025/ – रक्षाबंधन के त्यौहार को देखते हुए कोण्डागांव जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। छत्तीसगढ़ के खाद्य एवं औषधि प्रशासन आयुक्त के निर्देश पर, जिले में मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों की जांच के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

सोमवार को कोण्डागांव बस स्टैंड पर निगरानी दल सुबह से ही सक्रिय था। खासकर बाहर से आने वाली बसों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि त्योहारों के दौरान बड़ी मात्रा में आने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को नियंत्रित किया जा सके।
रायपुर और ओडिशा से आए पनीर के नमूने लैब भेजे गए
निरीक्षण के दौरान, रायपुर और ओडिशा से आने वाली दो बसों से पनीर की खेप उतरते ही विभागीय अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की। मौके पर ही पनीर के नमूने एकत्र किए गए और उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।
केशकाल से कुंदा का नमूना भी जांच के लिए भेजा गया
इसी अभियान के तहत, केशकाल से भी छत्तीसगढ़ के बाहर से आए कुंदा का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। त्योहारी सीजन में खोवा, कुंदा, पनीर जैसे दुग्ध उत्पादों की मांग और आपूर्ति काफी बढ़ जाती है, जिससे नकली या मिलावटी उत्पादों की संभावना भी बढ़ जाती है।

