
संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
जिला पंचायत कोंडागांव में बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन
उजाला टुडे कोंडागांव, 25 जुलाई 2025: जिला पंचायत कोंडागांव के सभाकक्ष में आज, 25 जुलाई 2025 को, बैंकर्स के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
कार्यशाला में कोटागिरी श्रीनिवास राव, राष्ट्रीय संसाधन व्यक्ति, और अशोक कुमार (पीई एफआई) ने बैंकर्स को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अवसर पर जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” के जिला मिशन प्रबंधक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एफआई), सभी जनपद पंचायतों के विकासखंड परियोजना प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक और पीआरपी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान, स्वयं सहायता समूहों (SHG) को ऋण प्रदान करने की प्रक्रिया, ऑनलाइन ऋण आवेदन प्रणाली, समुदाय-आधारित ऋण वसूली तंत्र के गठन की प्रक्रिया, आर.एफ. सी.आई.एफ. (रिवॉल्विंग फंड – कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड), बैंक लिंकेज, बीमा, पेंशन, मुद्रा लोन, दोहरी प्रमाणीकरण प्रक्रिया और बीसी सखी (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट एजेंट) की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के उद्देश्यों और इसके महत्व पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैंक प्रबंधकों को महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण प्रदान करने की प्रक्रिया में मार्गदर्शन दिया गया और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
