संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
कोण्डागांव में आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न: 3841 परीक्षार्थी हुए शामिल, कलेक्टर ने किया निरीक्षण
उजाला टुडे कोण्डागांव, 27 जुलाई 2025/
आज छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा जिले भर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। यह परीक्षा कोण्डागांव के 18 विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 4620 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 3841 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस दौरान 779 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने स्वयं कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए केंद्र अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से कोई अप्रिय घटना या गड़बड़ी की खबर नहीं मिली है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि जिला प्रशासन और व्यापम ने मिलकर परीक्षा को सफलतापूर्वक आयोजित किया। अब परीक्षार्थियों को अपने परिणामों का बेसब्री से इंतजार रहेगा।

