संजय सोनपिपरे संपादक, उजाला टुडे कोंडागांव
फरसगांव पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और अपहरण के आरोपियों को कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तार
उजाला टुडे कोंडागांव, 28 जुलाई 2025-छत्तीसगढ़: फरसगांव पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उससे बलात्कार करने के आरोप में दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। कोंडागांव पुलिस अधीक्षक येदुवल्ली अक्षय कुमार के निर्देशानुसार, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
28 जुलाई 2025 को पीड़िता ने फरसगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 17 फरवरी 2025 को रात करीब 9 बजे एक नाबालिग लड़के ने उसे एक शादी समारोह से जबरन बाहर निकाल लिया। वहाँ पहले से ही गुडेश्वर मरकाम मोटरसाइकिल के साथ मौजूद था। पीड़िता और दोनों आरोपी एक ही स्कूल में पढ़ते थे और एक-दूसरे को जानते थे। नाबालिग लड़के और गुडेश्वर ने पीड़िता को “बात करनी है” कहकर जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और उसे नाबालिग लड़के के घर के पीछे खेत में बनी एक झोपड़ी में ले गए। इसके बाद नाबालिग लड़का मोटरसाइकिल लेकर वापस आ गया। गुडेश्वर मरकाम ने पीड़िता के नाबालिग होने के बावजूद उसे जान से मारने की धमकी देकर उसकी मर्जी के बिना उससे शारीरिक संबंध बनाए और बलात्कार किया। उसने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर फरसगांव थाने में अपराध क्रमांक 100/2025 के तहत धारा 137 (2), 65(1), 351(3), 3(5) बीएनएस, और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक कोंडागांव येदुवल्ली अक्षय कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन, और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी संजय शिंदे के नेतृत्व में तुरंत जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान, आरोपी गुडेश्वर मरकाम (पिता बेसावराम मरकाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी बेसवापारा गारे, रांधना) और घटना में शामिल नाबालिग लड़के से पूछताछ की गई। दोनों ने घटना वाले दिन अपराध करने की बात स्वीकार कर ली। जिसके बाद 28 जुलाई 2025 को गुडेश्वर मरकाम को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया और नाबालिग को निरुद्ध कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक संजय शिंदे (थाना प्रभारी फरसगांव), निरीक्षक राजकुमारी पाण्डेय (रक्षित केंद्र कोंडागांव), सउनि सुरेंद्र बघेल, पितांबर कठार, आरक्षक अजय मरकाम, नारायण शार्दूल, और महिला आरक्षक सरस्वती यादव की सराहनीय भूमिका रही।

